Odisha Road Accident: ओडिशा में हादसों से भरा शुक्रवार, दो अलग-अलग बस दुर्घटनाओं में 37 यात्री घायल
Odisha Road Accident ओडिशा में शुक्रवार के दिन 2 सड़क हादसे हो गए जिसमें 37 यात्री घायल हो गए। पहली दुर्घटना में तीर्थयात्रियों को पुरी ले जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में कम से कम 12 लोग घायल हो गए।

अनुगुल, संतोष कुमार पांडेय। ओडिशा में शुक्रवार के दिन 2 सड़क हादसे हो गए, जिसमें 37 यात्री घायल हो गए। पहली दुर्घटना में तीर्थयात्रियों को पुरी ले जा रही बस देर रात भंडारीपोखरी तहसील के जरागड़िया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में कम से कम 12 लोग घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार बस ने नियंत्रण खो दिया और NH-16 पर खड़े एक ट्रक से जा भिड़ी। वहीं इस दुर्घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटना के शिकार लोगों को बचाने में कामयाबी हासिल की। सभी घायल यात्रियों को दमकल विभाग की एंबुलेंस से भद्रक अस्पताल ले जाया गया। उनमें से कुछ का इलाज किया गया है और वे अपने घरों को लौट गए हैं। वहीं 2 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद बस का चालक और हेल्पर फरार हो गया है।
इस संबंध में स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बस में सवार सभी यात्री पश्चिम बंगाल के हैं और भुवनेश्वर और पुरी की यात्रा पर थे।
बारातियों से भरी बस पलटी, 25 लोग घायल
वहीं एक दूसरी घटना में बौध में बस पलटने से 25 घायल हो गए। यहां पुरुनाकटक थाना क्षेत्र के मरडिंग के पास एनएच-57 पर दुल्हन सहित बारातियों को ले जा रही एक बस के पलट जाने से कम से कम 25 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक दखिना कली नाम की बस गंजाम जिले के कविसूर्यनगर से राउरकेला जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जबकि बाकी यात्रियों को राउरकेला जाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई। दोनों घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।