विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अर्नब' के बाद अब नए चक्रवात का खतरा! आंध्र तट की ओर बढ़ रहा 'मुरासु', ओडिशा के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:34 AM (IST)

चक्रवाती तूफान मुरासु बंगाल की खाड़ी में सक्रिय होकर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है, जिससे ओडिशा में भारी बारिश और तूफान की संभावना है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है।

  2. ओडिशा के पांच जिलों में 3-4 नवंबर को ऑरेंज अलर्ट।

  3. 19 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु दक्षिण आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है।

हालांकि, इसका ओडिशा पर सीधा असर पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से दक्षिणी ओडिशा के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तीन और चार नवंबर को राज्य के पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

सोमवार को 19 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार को गंजाम और गजपति जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, शेष 17 जिलों में बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।

तीन-चार नवंबर को पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने तीन और चार नवंबर को दक्षिणी ओडिशा के पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरि समेत दक्षिणी ओडिशा के जिलों में चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल सकता है।

अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है मुरासु

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान मुरासु में तब्दील हो चुका है। इसके सोमवार तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। तीन नवंबर की सुबह इसके दक्षिण आंध्र प्रदेश तट से टकराने का अनुमान है।

तट से टकराने के दौरान हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। वहीं, हवा के झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। तूफान का सीधा प्रभाव दक्षिण आंध्र प्रदेश पर पड़ने की संभावना है, जबकि ओडिशा में इसका अप्रत्यक्ष असर देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- चक्रवात अर्णब के बाद बाढ़ का कहर: गंजाम के कई गांव अब भी जलमग्न, पानी में फंसे गांव के लोग

यह भी पढ़ें- 'अर्णब' के बाद आ रहा एक और तूफान, 2 और 3 नवंबर को इन राज्यों में होगी भारी बारिश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।