आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा चक्रवात 'अकवान', ओडिशा में 3 दिन भारी बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात 'अकवान' तेजी से भीषण रूप ले रहा है और 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराएगा।

आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा चक्रवात 'अकवान' (AI Generated Image)
HighLights
चक्रवात अकवान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराएगा।
ओडिशा में 18 नवंबर से तीन दिन भारी बारिश की संभावना।
राज्य सरकार ने बचाव के लिए टीमें तैनात की, अलर्ट जारी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात 'अकवान' तेजी से शक्तिशाली हो रहा है। सोमवार शाम को चक्रवाती तूफान में तब्दील हुए यह सिस्टम मंगलवार को भीषण चक्रवात का रूप ले लिया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर को यह आंध्र प्रदेश और यनम के तट पर नेल्लोर और टूनी के बीच स्थलभाग से टकराएगा। इस दौरान इसके अति भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है।
तूफान के दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
हालांकि, चक्रवात का ओडिशा पर सीधा असर पड़ने की संभावना कम है, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
18 नवंबर से बारिश का दौर शुरू होने तथा 19 और 20 नवंबर को हवा की गति बढ़ने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से 18 नवंबर से ओडिशा में बारिश शुरू होगी। दक्षिण और तटीय ओडिशा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तर ओडिशा में भी बारिश की संभावना है। चक्रवात के बाहरी घेरे में आने वाले इलाकों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है।
चक्रवात की ताकत को लेकर अलग-अलग आकलन
शिक्षा 'ओ' अनुसंधान (सोआ) विश्वविद्यालय के जलवायु एवं मौसम केंद्र के निदेशक डॉ. शरत साहू का आकलन आइएमडी से कुछ अलग है। उनके अनुसार, तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र में लंबे समय से बने विंड शीयर के कारण चक्रवात की ताकत बढ़ने के बजाय कमजोर हो रही है। इस स्थिति में बादलों का संगठित विकास नहीं हो पा रहा है और बादलों के समूह बिखरे हुए हैं।
उनका अनुमान है कि 20 नवंबर की सुबह यह दक्षिण आंध्र प्रदेश के टूनी और उत्तरी तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र के आसपास स्थलभाग में प्रवेश कर सकता है। इससे ओडिशा पर बड़ा प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि, 18 से 21 नवंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तीन दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, 18 नवंबर को गजपति, गंजाम और पुरी में भारी बारिश हो सकती है। 19 नवंबर को इन तीनों जिलों में भारी से अति भारी बारिश की आशंका है। इसके साथ ही उत्तर, दक्षिण और तटीय ओडिशा के कई इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है।
20 नवंबर को रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरि, गजपति और गंजाम में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है। वहीं मयूरभंज, कालाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में भारी बारिश हो सकती है।
19 और 20 नवंबर को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। 21 नवंबर को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, नवरंगपुर और कोरापुट में भारी से अति भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
छह जिलों में 24 घंटे अलर्ट, संवेदनशील इलाकों से हटेंगे लोग
चक्रवात की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। विशेष रूप से गंजाम, गजपति, पुरी, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरि के जिलाधीशों को 24 घंटे अलर्ट रहने को कहा गया है।
राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने संभावित खतरे वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां रहने वाले लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया है।
प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने को कहा गया है। चक्रवात आश्रय स्थलों में पेयजल, स्वच्छता, बिजली और जनरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन की आशंका वाले संवेदनशील इलाकों से भी लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।
60 ओड्राफ और 14 एनडीआरएफ टीमें संभालेंगी मोर्चा
चक्रवात से निपटने के लिए 60 ओड्राफ और 14 एनडीआरएफ टीमों को तैनात करने का निर्णय लिया गया है। इन टीमों को गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरि और पुरी जिलों में जरूरत के अनुसार लगाया जाएगा।
राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी की अध्यक्षता में हुई आपात बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे आपसी समन्वय के साथ काम करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधनों एवं राहत व्यवस्था को पहले से तैयार रखें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।