ओडिशा पर मंडराया 'अकवान' का खतरा, नदी किनारे बसे गांव होंगे खाली; मैदान में उतरे अधिकारी
गंजाम जिला प्रशासन संभावित चक्रवात 'अकवान' से निपटने के लिए तैयारियों में जुटा है। जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने अधिकारियों ...और पढ़ें

ओडिशा पर मंडराया 'अकवान' का खतरा, गंजाम में 17 नवंबर से लोगों को निकालने की तैयारी (AI Generated Image)
HighLights
संवेदनशील इलाकों से लोगों का स्थानांतरण 17 नवंबर से होगा शुरू।
चक्रवात आश्रय स्थलों में राशन और भोजन की व्यवस्था की गई।
फसलों की सुरक्षा और गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। गंजाम जिला प्रशासन ने संभावित चक्रवात 'अकवान' (Cyclone Akwan) से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। गंजाम के जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
रविवार रात आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 18 नवंबर को संभावित चक्रवात के मद्देनजर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
जिलाधिकारी ने नदी किनारे बसे संवेदनशील इलाकों के लोगों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। 17 नवंबर को ऐसे लोगों को नजदीकी चक्रवात आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया जाएगा।
आश्रय स्थलों में राशन सामग्री, सूखा भोजन और पका हुआ भोजन तैयार करने के लिए जरूरी सामान पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा गया है।
पिछले चक्रवात के दौरान जिन इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई थी, वहां के लोगों को भी पहले से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया गया है।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने को कहा गया है, ताकि आपात स्थिति में उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
पिछले चक्रवात अर्नब के दौरान जिन इलाकों में भूस्खलन हुआ था, उन स्थानों को भी चिह्नित कर लिया गया है। जिलाधिकारी के अनुसार, इन संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को 17 नवंबर को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।
फसलों की सुरक्षा के लिए किसानों को किया जा रहा सतर्क
संभावित चक्रवात को देखते हुए किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए कृषि विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। जिन इलाकों में धान की फसल पककर तैयार हो गई है, वहां उसकी सुरक्षा के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कृषि मित्रों के साथ विभागीय अधिकारियों को किसानों के सहयोग के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि चक्रवात के कारण फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
ऋषिकुल्या नदी के टूटे तटबंधों का किया निरीक्षण
इससे पहले जिलाधिकारी ने जिले के विभिन्न नदी तटीय इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ऋषिकुल्या नदी के उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां पिछले दिनों नदी के तटबंध टूट गए थे। इन स्थानों पर मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से मरम्मत कराई गई है।
तटबंधों की स्थायी मरम्मत के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि स्थायी मरम्मत का काम जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन का प्रयास है कि संभावित चक्रवात के दौरान जान-माल के नुकसान को न्यूनतम रखा जाए और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
यह भी पढ़ें- दक्षिण आंध्र की ओर मुड़ सकता है चक्रवात 'अकवान', ओडिशा में भारी बारिश की आशंका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।