विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दक्षिण आंध्र की ओर मुड़ सकता है चक्रवात 'अकवान', ओडिशा में भारी बारिश की आशंका

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:11 AM (IST)

संभावित चक्रवात 'अकवान' दक्षिण आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ सकता है, जिससे ओडिशा में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

दक्षिण आंध्र की ओर मुड़ सकता है चक्रवात 'अकवान', ओडिशा में भारी बारिश की आशंका (AI Generated Image)

दक्षिण आंध्र की ओर मुड़ सकता है चक्रवात 'अकवान', ओडिशा में भारी बारिश की आशंका (AI Generated Image)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान दक्षिण आंध्र प्रदेश तट पर कर सकता है लैंडफॉल।

  2. ओडिशा में 18 नवंबर से भारी बारिश और तेज हवाएं संभव।

  3. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। संभावित चक्रवात 'अकवान' के मार्ग और लैंडफॉल को लेकर विभिन्न मौसम मॉडल और विशेषज्ञों ने ताजा अनुमान जारी किए हैं। इन अनुमानों के मुताबिक, चक्रवात दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है।

यदि ऐसा होता है तो ओडिशा में इसका बड़ा प्रभाव पड़ने की आशंका कम है। हालांकि, राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।

शिक्षा एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (सोआ) के जलवायु एवं पर्यावरण केंद्र के निदेशक डॉ. शरत चंद्र साहू के अनुसार, संभावित चक्रवात के अत्यंत भीषण रूप लेने की आशंका है।

इसके 19 नवंबर की रात उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के बीच तट से टकराने (लैंडफॉल) की संभावना है। इसके प्रभाव से ओडिशा में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, आने वाले दिनों में इसकी दिशा और प्रभाव को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने अभी तक संभावित चक्रवात के लैंडफॉल को लेकर कोई निश्चित जानकारी जारी नहीं की है। हालांकि, शनिवार रात जारी संभावित चक्रवाती मार्ग के मानचित्र से संकेत मिल रहे हैं कि 'अकवान' दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है।

17 नवंबर तक भीषण चक्रवात का रूप लेगा

आइएमडी के अनुसार, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके सोमवार शाम तक चक्रवात में तब्दील होने की संभावना है।

17 नवंबर की शाम तक यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवात का रूप ले सकता है। इसके बाद 18 नवंबर को समुद्र के ऊपर ही इसके अत्यंत भीषण चक्रवात में बदलने की आशंका है।

19 नवंबर की सुबह 5:30 बजे तक इसके अत्यंत भीषण चक्रवात का रूप ले लेने का अनुमान है। उस समय समुद्र में हवा की रफ्तार 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

19 नवंबर की शाम तक हवा की रफ्तार बढ़कर 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

ओडिशा में 18 से बारिश, तीन दिन भारी वर्षा की आशंका

आइएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 और 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। 19 नवंबर की शाम से 20 नवंबर की सुबह तक यहां हवा की गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

वहीं, ओडिशा में 18 नवंबर से बारिश शुरू हो सकती है। 19 से 21 नवंबर के बीच राज्य के कुछ इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान है।

ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में 19 नवंबर की शाम से 20 नवंबर की सुबह तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

तीन दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने 19 से 21 नवंबर तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासकर दक्षिण ओडिशा, तटीय क्षेत्र और आसपास के जिलों में अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 19 नवंबर तक समुद्र बेहद अशांत रहेगा। इसे देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में पहले से मौजूद मछुआरों को भी सुरक्षित लौटने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का अलर्ट, क्या बिहार पर पड़ेगा असर? जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।