ओडिशा की ओर बढ़ा 'अकवान': रफ्तार धीमी पर खतरा बड़ा, अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी
चक्रवात अकवान की धीमी गति और बढ़ती तीव्रता ने ओडिशा की चिंता बढ़ा दी है, जिसके दक्षिण ओडिशा से गुजरने की आशंका है।

ओडिशा की ओर बढ़ा 'अकवान' (PTI)
HighLights
चक्रवात अकवान की धीमी गति, तीव्रता बढ़ने से ओडिशा चिंतित।
बाढ़, भूस्खलन और सड़क संपर्क टूटने का गंभीर खतरा।
अगले 48 घंटे महत्वपूर्ण, प्रशासन ने बचाव कार्य तेज किए।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान की धीमी गति और लगातार बढ़ती तीव्रता ने ओडिशा की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के संशोधित पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात के अधिक शक्तिशाली होकर दक्षिण ओडिशा के विभिन्न इलाकों से गुजरने की आशंका है।
इसकी धीमी रफ्तार के कारण एक ही क्षेत्र में लंबे समय तक बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव बना रह सकता है। इससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ने की आशंका है। चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने के साथ बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियां तेज कर दी हैं।
कई तरह की चुनौतियां
लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव के साथ बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। विशेष रूप से मलकानगिरि, कोरापुट और आसपास के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा है। वहीं, बाढ़, पेड़ गिरने और भूस्खलन से कई संवेदनशील इलाकों का सड़क संपर्क टूट सकता है।
तेज हवाओं और भारी बारिश से बिजली के खंभों, तारों और अन्य विद्युत ढांचे को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ संचार नेटवर्क पर भी असर पड़ सकता है।
अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण
चक्रवात की दिशा और तीव्रता में हो रहे बदलाव को देखते हुए अगले 48 घंटे ओडिशा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत शिविरों की व्यवस्था करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव अभियान चलाने की है।
दक्षिण ओडिशा में चक्रवात का वास्तविक प्रभाव इसकी आगे की दिशा और तीव्रता पर निर्भर करेगा।
यह भी पढ़ें- भयंकर रूप ले रहा चक्रवात 'अकवान': 145 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, आंध्र से ओडिशा तक तबाही का खतरा
यह भी पढ़ें- चक्रवात 'अकवान' का अलर्ट: ओडिशा के 8 जिलों में 7000 से ज्यादा कर्मचारी तैनात, बिजली कटने पर तुरंत मिलाएं ये नंबर