विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भयंकर रूप ले रहा चक्रवात 'अकवान': 145 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, आंध्र से ओडिशा तक तबाही का खतरा

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:24 AM (IST)

चक्रवात अकवान बंगाल की खाड़ी में शक्तिशाली हो रहा है और 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने के बाद दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ेगा।

आंध्र प्रदेश तट से टकराने के बाद दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ेगा चक्रवात अकवान (AI Generated Image)

आंध्र प्रदेश तट से टकराने के बाद दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ेगा चक्रवात अकवान (AI Generated Image)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराएगा।

  2. टकराने के बाद दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ेगा तूफान।

  3. मलकानगिरि सहित चार जिलों में भारी बारिश की आशंका।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान लगातार शक्तिशाली हो रहा है। इसकी गति भले ही धीमी हो गई है, लेकिन इसकी तीव्रता बढ़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान ने ओडिशा की चिंता बढ़ा दी है।

चक्रवात के 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ने की आशंका है। इस दौरान इसके गंभीर चक्रवाती तूफान की तीव्रता बरकरार रह सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकरा सकता है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए मलकानगिरि के रास्ते ओडिशा में प्रवेश कर सकता है।

चार जिलों में भारी बारिश की आशंका

चक्रवात के संभावित मार्ग में मलकानगिरि, कोरापुट, नवरंगपुर और नुआपाड़ा जिले शामिल हैं। पहले अनुमान था कि ओडिशा पहुंचने से पहले यह कमजोर होकर गहरे दबाव में बदल जाएगा, लेकिन संशोधित पूर्वानुमान में इसके गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में आगे बढ़ने की आशंका जताई गई है।

भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती के अनुसार, चक्रवात 18 नवंबर तड़के गंभीर चक्रवात में बदल गया है। वहीं, 19 नवंबर की सुबह तक इसके अति गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है।

145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश तट से टकराते समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। इस दौरान हवा के झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

बुधवार सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था।

यह चेन्नई से 590, मछलीपट्टनम से 620, विशाखापत्तनम से 620 और गोपालपुर से करीब 750 किलोमीटर दूर था। फिलहाल इसकी गति लगभग तीन किलोमीटर प्रति घंटे है।

आंध्र प्रदेश तट पार करने के बाद दक्षिण ओडिशा की ओर इसके बढ़ने से मलकानगिरि, कोरापुट, नवरंगपुर और नुआपड़ा में तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें- चक्रवात 'अकवान' का अलर्ट: ओडिशा के 8 जिलों में 7000 से ज्यादा कर्मचारी तैनात, बिजली कटने पर तुरंत मिलाएं ये नंबर

यह भी पढ़ें- 145 KM की रफ्तार से आ रहा चक्रवात अकवान, 19 नवंबर से दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।