145 KM की रफ्तार से आ रहा चक्रवात अकवान, 19 नवंबर से दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अकवान के प्रभाव से 19 नवंबर से दक्षिण बंगाल के जिलों में भारी बारिश ...और पढ़ें

चक्रवात अकवान का खतरा (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
19 नवंबर से दक्षिण बंगाल में बारिश का दौर शुरू।
चक्रवात अकवान 145 किमी/घंटा की रफ्तार से आएगा।
आंध्र प्रदेश तट से 20 नवंबर को टकराने की संभावना।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अकवान के प्रभाव से 19 नवंबर से दक्षिण बंगाल के जिलों में बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से शनिवार तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
शुक्रवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी में 21 दिनों के भीतर बनने वाला यह तीसरा चक्रवात है।
समुद्र से लगातार नमी जुटाने के कारण यह धीरे-धीरे ताकतवर हो रहा है। 19 नवंबर की सुबह तक इसके अति गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तूनी के बीच तट से टकरा सकता है। उस समय तूफान की अधिकतम रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, कोलकाता और हावड़ा में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण बंगाल के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
गुरुवार को उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, कोलकाता और हावड़ा में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शुक्रवार को पूरे दक्षिण बंगाल में अधिकांश स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
इस दिन चार जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। शनिवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि रविवार को कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिंपोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में भी इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।