विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अकवान' आज ओडिशा से टकराएगा: 3 लाख लोगों का रेस्क्यू, 47 ट्रेनें कैंसिल; 941 गांवों में लैंडस्लाइड का खतरा

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:28 AM (IST)

चक्रवात 'अकवान' आज गोपालपुर के पास हरिपुर में ओडिशा तट से टकराने की आशंका है, जिसके लिए राज्य में व्यापक बचाव और राहत कार्य जारी हैं।

गोपालपुर के पास हरिपुर में आज स्थल भाग से टकराएगा चक्रवात 'अकवान' (PTI)

गोपालपुर के पास हरिपुर में आज स्थल भाग से टकराएगा चक्रवात 'अकवान' (PTI)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान आज हरिपुर, गोपालपुर के पास तट से टकराएगा।

  2. तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

  3. मुख्यमंत्री ने जनहानि शून्य रखने का लक्ष्य निर्धारित किया।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात 'अकवान' को लेकर ओडिशा में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार (20 नवंबर) दोपहर चक्रवात के गोपालपुर के निकट हरिपुर में तट से टकराने की आशंका है।

संभावित खतरे को देखते हुए राज्य के 20 जिलों में व्यापक स्तर पर बचाव एवं राहत की तैयारी की गई है। अब तक तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इनमें 4170 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 1317 महिलाओं ने सुरक्षित स्थानों पर बच्चों को जन्म दिया है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को एक बार फिर चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, जिला प्रशासन और केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

बकौल माझी, सरकार का लक्ष्य जनहानि को शून्य रखना है। महाप्रभु श्रीजगन्नाथ का आशीर्वाद है और प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भरोसा जताया कि जीरो कैजुअल्टी का लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल किया जाएगा।

9341 आश्रय स्थल तैयार, 418 टीमें तैनात

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 9341 चक्रवात आश्रय स्थलों को तैयार रखा गया है। इनमें 2623 को क्रियाशील कर दिया गया है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 418 टीमें तैनात की गई हैं।

इनमें ओड्राफ की 60, एनडीआरएफ की 14, अग्निशमन सेवा की 216 और ओडिशा वन विकास निगम (ओएफडीसी) की 128 ट्री-कटर टीमें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अग्निशमन विभाग की 28 टीमों को भी तैयार रखा गया है।

चक्रवात के दौरान संचार व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए 17 सैटेलाइट फोन, सेल ऑन व्हील्स और दूरसंचार बैकअप की व्यवस्था की गई है।

छह जिलों के 941 गांव भूस्खलन की चपेट में आने की आशंका

चक्रवात के साथ भारी बारिश की आशंका को देखते हुए छह जिलों के 941 गांवों को भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील चिह्नित किया गया है। ओआरएसएसी के माध्यम से इन गांवों की पहचान की गई है। इनमें गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कंधमाल, मालकानगिरि और कोरापुट जिले शामिल हैं।

इन गांवों के लोगों को जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। कंधमाल और गजपति में अब तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए अधिकांश लोग भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के निवासी हैं।

आंध्र के मछुआरों को सुरक्षित लाने की व्यवस्था

ओडिशा तट के निकट आंध्र प्रदेश के कुछ मछुआरों के फंसे होने संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोस्ट गार्ड की मदद से उनकी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्हें सुरक्षित तरीके से गंजाम जिले में लाने की व्यवस्था की गई है।

हबिष्यालियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने फोन पर पुरी के जिलाधिकारी से बातचीत कर जिले की स्थिति और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने पुरी में रह रही हबिष्याली महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि कार्तिक मास में बड़ी संख्या में हबिष्याली महिलाएं पुरी में रहकर धार्मिक अनुष्ठान करती हैं।

चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए 47 ट्रेनों को रद कर दिया गया है, जबकि 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। आपात स्थिति में राहत एवं बचाव अभियान के लिए कोस्ट गार्ड और रेलवे समन्वय प्रकोष्ठ को सक्रिय रखा गया है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है।

समीक्षा बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, मुख्य सचिव अनु गर्ग, राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. अरविंद पाढ़ी, विशेष राहत आयुक्त राजेश प्रभाकर पाटिल सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव और सचिव उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- 'अकवान' से बदलने वाला है बिहार का मौसम, 20 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट; गिरेगा तापमान

यह भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट, मंत्री इरफान अंसारी ने दिए हर स्तर पर तैयारी के निर्देश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।