चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट, मंत्री इरफान अंसारी ने दिए हर स्तर पर तैयारी के निर्देश
झारखंड सरकार बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के संभावित प्रभाव को लेकर पूरी तरह अलर्ट है।

आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी। (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, रांची। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार पूरी तरह अलर्ट है।
राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर इससे निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारी के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आपदा आने के बाद राहत पहुंचाना ही नहीं, बल्कि आपदा से पहले ऐसी तैयारी करना है, जिससे आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो और संभावित नुकसान को रोका जा सके।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में लापरवाही नहीं हो। चक्रवात के कारण राज्य में जान-माल का नुकसान कम से कम हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं।
सभी जिलों के उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों अलर्ट मोड में रहें।
बैठक में किसानों की फसल को लेकर विशेष चिंता व्यक्त की गई। मंत्री ने कहा कि राज्य में अभी तक लगभग 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि करीब 75 प्रतिशत धान की फसल खेतों में खड़ी है। ऐसे में यदि चक्रवात के प्रभाव से लगातार भारी बारिश होती है तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने निर्देश दिया कि बारिश से फसलों को नुकसान होने की स्थिति में तत्काल पंचायत और प्रखंड स्तर पर सर्वे कराया जाए।
कृषि विभाग नुकसान का करे आकलन
कृषि विभाग, अंचल प्रशासन और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन करें, ताकि प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा संभावित बारिश के मद्देनजर जलभराव, निचले इलाकों में पानी जमा होने, कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने तथा ग्रामीण सड़कों के प्रभावित होने जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारी रखी जाए।
तूफान में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए सभी जिलों के सिविल सर्जन भी अलर्ट रहते हुए अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा दुरुस्त रहे।
यह भी पढ़ें- इबोला को लेकर झारखंड अलर्ट, रिम्स समेत सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों को तैयारी पूरी रखने का निर्देश