ओडिशा में चक्रवात 'अकवान' का तांडव शुरू: गोपालपुर में लैंडफॉल, पुरी-कोणार्क तट खाली
चक्रवात अकवान ने गोपालपुर के पास लैंडफॉल करना शुरू कर दिया है, जो पुरी से 160 किमी दूर सक्रिय है। इस प्रक्रिया के दौरान समुद्र अशांत है और पुरी, कोणार्क-चंद्रभागा तटों को पर्यटकों से खाली करा लिया गया है।

गोपालपुर में लैंडफॉल, पुरी-कोणार्क तट खाली (जागरण फोटो)
HighLights
चक्रवात अकवान का गोपालपुर में लैंडफॉल शुरू हुआ।
पुरी और कोणार्क-चंद्रभागा तट पर्यटकों से खाली कराए गए।
समुद्र में अगले 2 घंटे तक अशांति बनी रहेगी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान (Akvan Cyclone) ने ओडिशा के तटीय इलाकों में दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह गोपालपुर के दक्षिण में करीब 60 किलोमीटर और पुरी से लगभग 160 किलोमीटर दूर सक्रिय चक्रवात की लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, लैंडफॉल की यह प्रक्रिया करीब दो घंटे तक चलने की संभावना है। चक्रवात के प्रभाव से समुद्र पूरी तरह अशांत हो गया है और तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो रही है।

समुद्र में ऊंची लहरें उठने और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने पुरी, कोणार्क और चंद्रभागा समुद्र तटों को पूरी तरह खाली करा दिया है।
पर्यटकों और आम लोगों के समुद्र तटों पर जाने पर रोक लगा दी गई है। तटीय इलाकों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने रातभर की तैयारियों की समीक्षा
चक्रवात अकवान से निपटने के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पूरी रात अपनी टीम के साथ हालात की समीक्षा करते रहे।
मुख्यमंत्री ने ग्राउंड जीरो पर तैनात अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चक्रवात के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोपालपुर में सर्वाधिक 186 मिमी बारिश
चक्रवात के प्रभाव से पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटे के दौरान गोपालपुर में सर्वाधिक 186 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा चांदीपुर में 114 मिलीमीटर, पारादीप में 93 मिलीमीटर और मोहना में 77 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
चक्रवात के लैंडफॉल के दौरान तटीय जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है।
लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें- चक्रवात अकवान से निपटने के लिए गंजाम में व्यापक तैयारी, 1.38 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
यह भी पढ़ें- 'अकवान' का खौफ: समंदर में जिद पर अड़े 200 मछुआरे, आधी रात लहरों के बीच समझाने पहुंचे विधायक की भी नहीं सुनी