चक्रवात अकवान से निपटने के लिए गंजाम में व्यापक तैयारी, 1.38 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
चक्रवात अकवान के संभावित खतरे को देखते हुए गंजाम जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। अब तक 1.38 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और 600 आश्रय केंद्रों में भोजन-पानी की व्यवस्था की गई है।
-1795145193013_m.webp)
आज गोपालपुर से टकराएगा तूफान (ANI)
HighLights
1.38 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
600 चक्रवात आश्रय केंद्रों में भोजन-पानी की व्यवस्था की गई।
राहत एवं बचाव के लिए कई टीमें तैनात, जलाशयों पर नजर।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान के संभावित खतरे को देखते हुए गंजाम जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारी की है। जिले में अब तक 1,38,311 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इनके ठहरने के लिए 600 चक्रवात आश्रय केंद्रों की व्यवस्था की गई है।
यहां लोगों को पका हुआ भोजन, सूखा खाद्य पदार्थ और पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने गुरुवार रात तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी पूरी रात ग्राउंड जीरो पर रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करेंगे।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे के बीच गोपालपुर के निकट चक्रवात के तट से टकराने की आशंका है। इसे देखते हुए चिकिटी से खल्लीकोट तक के तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
माइकिंग के माध्यम से लोगों को चक्रवात के खतरे के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
344 गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 800 गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई है। इनमें से 344 महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया जा चुका है। शेष महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
राहत एवं बचाव कार्यों के लिए ओड्राफ की 12, एनडीआरएफ की तीन और अग्निशमन विभाग की 24 टीमें तैनात की गई हैं।
प्रशासन ने जिले में 59 भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की पहचान की है। इन सभी क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है, ताकि भारी बारिश के दौरान किसी प्रकार की जनहानि न हो।
जलाशयों से आधा पानी खाली, नदियों पर नजर
चक्रवात के साथ भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिले के सभी जलाशयों से करीब आधा पानी खाली कराया गया है। बाहुदा और ऋषिकुल्या नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
संभावित बाढ़ की स्थिति में पानी की निकासी को लेकर भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा चक्रवात के दौरान मोबाइल नेटवर्क सेवा बाधित न हो, इसके लिए भी विशेष कदम उठाए गए हैं।
जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की जान-माल की सुरक्षा है। सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- 'अकवान' का खौफ: समंदर में जिद पर अड़े 200 मछुआरे, आधी रात लहरों के बीच समझाने पहुंचे विधायक की भी नहीं सुनी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।