विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अस्पताल में ससुर, फिर भी बहू ने रखा 36 घंटे का निर्जला व्रत; भुवनेश्वर में किन्नरों ने भी दिया छठी मैया को अर्घ्य

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:31 AM (IST)

भुवनेश्वर सहित पूरे ओडिशा में लोक आस्था का महापर्व छठ उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया।

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ (जागरण)

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ (जागरण)

HighLights

  1. उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न।

  2. किन्नर समुदाय, ओड़िया परिवारों ने भी छठ व्रत में भाग लिया।

  3. घाटों पर सुरक्षा और साफ-सफाई के व्यापक इंतजाम किए गए।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही राजधानी भुवनेश्वर समेत पूरे ओडिशा में लोक आस्था एवं विश्वास का चार दिवसीय महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया।

सोमवार की सुबह सूर्य की पहली किरण के साथ ही छठ व्रतियों ने नदी और जलाशयों में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला उपवास का भी पारण हुआ।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.18.49 AM

राजधानी में छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप कुआखाई नदी तट, मंचेश्वर बालीयात्रा मैदान नदी घाट, हाईटेक नदी घाट और टंकपाणी नदी घाट पर आस्था का जनसैलाब देखने को मिला।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.18.51 AM

रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रती पूरी श्रद्धा के साथ घाटों पर पहुंचे। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कहीं भजन-कीर्तन हो रहे थे तो कहीं आतिशबाजी के माध्यम से श्रद्धालु पर्व की खुशियां मना रहे थे।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.18.52 AM

घाटों पर सेवा और सहयोग का भी अनूठा दृश्य देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने अपनी इच्छा से जगह-जगह सेवा शिविर लगाए थे।

इन शिविरों के माध्यम से घाट पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को निश्शुल्क चाय और पानी उपलब्ध कराया गया। कई लोग व्रतियों की सेवा में जुटे रहे। छठ महापर्व के प्रति लोगों की आस्था और सामूहिक सहभागिता ने राजधानी के घाटों को सामाजिक समरसता का केंद्र बना दिया।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.18.53 AM

किन्नरों की टोली ने किया छठ व्रत

कुआखाई घाट पर उस समय विशेष आकर्षण का दृश्य देखने को मिला, जब छठ व्रत करने वाली किन्नरों की टोली बाजे-गाजे के साथ घाट पर पहुंची। पारंपरिक तरीके से सजी-धजी टोली ने आम श्रद्धालुओं की तरह नदी में उतरकर भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा की और पूरे विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया।

उनकी श्रद्धा और उत्साह को देखकर घाट पर मौजूद लोग भी अभिभूत नजर आए। इस दृश्य ने छठ महापर्व की व्यापकता और समावेशी स्वरूप को एक बार फिर सामने रखा।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.18.54 AM

ओड़िया श्रद्धालुओं में भी दिखी छठ के प्रति आस्था

छठ महापर्व अब केवल बिहार और पूर्वांचल के लोगों तक सीमित नहीं रह गया है। ओडिशा की राजधानी में भी स्थानीय ओड़िया परिवारों के बीच इस पर्व को लेकर आकर्षण और आस्था लगातार बढ़ रही है।

इस बार कुआखाई घाट पर बड़ी संख्या में ओड़िया छठ व्रती और श्रद्धालु भी पहुंचे। इसके अलावा मारवाड़ी और जैन समुदाय के लोगों ने भी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।

छठी मैया के एक भक्त प्रकाश राउत ने बताया कि उनकी पत्नी कुमारी संतोषी मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं और पिछले 10 वर्षों से लगातार छठ व्रत कर रही हैं। इस बार परिवार पर विपरीत परिस्थितियां होने के बावजूद उन्होंने अपनी आस्था और परंपरा को बनाए रखा।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.19.57 AM

प्रकाश राउत ने बताया कि हाल ही में उनके पिता को ब्रेन हैमरेज हुआ है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। परिवार में इतनी बड़ी परेशानी के बावजूद उनकी पत्नी ने छठ व्रत का संकल्प पूरा किया। उनका विश्वास है कि छठी मैया की कृपा से परिवार पर आया संकट दूर होगा।

पुरुषों ने भी रखा व्रत, परिवार की खुशहाली की मांगी मन्नत

घाटों पर इस बार महिलाओं के साथ कुछ पुरुष श्रद्धालु भी छठ व्रत करते नजर आए। परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना लेकर उन्होंने भी निर्जला उपवास रखा और महिलाओं की तरह पूरे नियम एवं श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा की।

घाटों पर मौजूद परिवार के सदस्य व्रतियों का उत्साह बढ़ाते रहे। किसी के हाथ में पूजा सामग्री से सजा सूप था तो कोई अर्घ्य देने की तैयारी में जुटा था।

कुल मिलाकर भगवान जगन्नाथ और महाप्रभु लिंगराज की नगरी भुवनेश्वर में छठ महापर्व की छटा देखते ही बन रही थी। व्रतियों के साथ उनके परिजनों और छठी मैया में विश्वास रखने वाले लोगों का उत्साह भी चरम पर रहा।

जाति, भाषा और समुदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर विभिन्न समाज के लोगों ने इस महापर्व में भागीदारी निभाई। यही छठ की सबसे बड़ी विशेषता रही कि इसमें हर कोई आस्था के एक सूत्र में बंधा नजर आया।

प्रशासन ने किए थे सुरक्षा के इंतजाम

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पुलिसकर्मियों के साथ अग्निशमन विभाग की टीम भी तैनात रही।

वहीं, भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) की ओर से घाटों पर साफ-सफाई और कचरा उठाने के लिए सुबह और शाम विशेष टीम लगाई गई थी। प्रशासनिक व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर महापर्व का समापन किया।

यह भी पढ़ें- आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम: जमुई के छठ घाटों पर आकर्षक सजावट और गीतों के बीच उगते सूर्य को दिया गया अर्घ्य

यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: पैतृक गांव पहुंचे CM सम्राट चौधरी, मुंगेर के लखनपुर में उदीयमान सूर्य को दिया अर्घ्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।