विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ओडिशा विधानसभा का बजट सत्र शुरू: नव दास हत्‍याकांड को लेकर भाजपा का हंगामा, कांग्रेस नेता भी गए सदन के बाहर

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Tue, 21 Feb 2023 01:35 PM (IST)

ओडिशा विधानसभा बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने सदन को संबोधित करते हुए कई बातें कही। ...और पढ़ें

ओडिशा राज्य विधानसभा का बजट सत्र हुआ शुरू
ओडिशा राज्य विधानसभा का बजट सत्र हुआ शुरू

जासं, भुवनेश्वर। राज्य विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है। इससे पहले राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रगान सबसे पहले विधानसभा में गाया गया। राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने सत्र के पहले दिन सदन को संबोधित किया। राज्यपाल ने सदन में दिवंगत नेताओं के लिए शोक प्रस्ताव पेश किया।इसके बाद राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

राज्‍यपाल ने की बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना की तारीफ

राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने हॉकी विश्व कप का आयोजन सुचारू रूप से किया है। उन्होंने बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना की सफलता के बारे में भी बताया। राज्यपाल ने कहा कि बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना से उपचार के क्षेत्र में मदद मिल रही है। ओडिशा ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। कैंसर रोगियों को पेट-सीटी स्कैन की सुविधा मुफ्त मिलेगी। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के नए पद सृजित किए जाएंगे।

मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव की सफलता पर भी हुई चर्चा

उन्होंने मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव की सफलता को भी साझा किया। राज्यपाल ने कहा कि ओडिशा अब खाद्यान्न उत्पादन में अधिशेष राज्य बन गया है और धान उत्पादन में ओडिशा सबसे आगे है। उद्योग के मामले में ओडिशा पूर्वी भारत में अग्रणी राज्य है। फाइव टी और मो सरकार ने शासन व्यवस्था को मजबूत किया है।

भाजपा ने किया सदन का बहिष्‍कार

हालांकि, भाजपा ने राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार किया और असेंबली कक्ष में हाथों में तख्तियां लेकर धरना दिया। विपक्ष के नेता जयनारायण मिश्रा ने कहा कि पुलिस पूर्व मंत्री नव दास की हत्या से पहले फाइव टी सचिव वीके पांडियन और जाजपुर के विधायक प्रणब प्रकाश दास के कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही थी। हमने सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। हम सदन से बाहर चले गए हैं क्योंकि सरकार राज्यपाल से झूठ बुलवा रही है।

कांग्रेस ने भी नव दास हत्‍याकांड को लेकर किया हंगामा

राज्यपाल का अभिभाषण शुरू होते ही कांग्रेस सदस्य मंच के नीचे खड़े होकर राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ प्रदर्शन करते और हंगामा करते देखे गए। कांग्रेस नेता नरसिंह मिश्रा ने अपने स्थान पर खड़े होकर विरोध जताते हुए कहा कि मंत्री नव दास की हत्या का खुलासा नहीं हुआ है और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है।

इसी तरह कांग्रेस के सदस्य भी सदन से बाहर चले गए हैं। विधानसभा की बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में बीजद विधायक दल की बैठक हुई। इसने सदन में विपक्ष का मुकाबला करने के लिए एक रणनीति तैयार की।

यह भी पढ़ें- विधानसभा सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे डीजीपी, नव दास हत्याकांड पर साधी चुप्पी