विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भुवनेश्वर के इमरान का पाकिस्तानी कनेक्शन, दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार; भारत विरोधी प्रचार में था शामिल

Published: Sat, 11 Apr 2026 12:26 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने भुवनेश्वर से शेख इमरान नामक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। उस पर सोशल ...और पढ़ें

इमरान की फाइल फोटो

इमरान की फाइल फोटो

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने भुवनेश्वर से संदिग्ध आतंकी पकड़ा।

  2. शेख इमरान पर देश विरोधी प्रचार का आरोप।

  3. सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़ा।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने यूनिट-6 इलाके में छापेमारी कर शेख इमरान नामक युवक को गिरफ्तार किया।

आरोप है कि वह इंटरनेट मीडिया के जरिए देश विरोधी प्रचार कर रहा था। युवक का पाकिस्तान से कथित संबंध और देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में हिरासत में ले लिया। संयुक्त कार्रवाई में भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट पुलिस ने भी सहयोग किया।

गिरफ्तार युवक की पहचान शेख इमरान के रूप में हुई है, जिसे भुवनेश्वर यूनिट-6 इलाके से पकड़ा गया है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की गतिविधियों पर दिल्ली पुलिस पिछले कुछ समय से नजर रखे हुए थी। पुख्ता इनपुट मिलने के बाद टीम सीधे भुवनेश्वर पहुंची और ऑपरेशन को अंजाम दिया।

सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथियों से जुड़ा  

जांच एजेंसियों के अनुसार, इमरान इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारत विरोधी प्रचार-प्रसार में शामिल था। वह इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सऐप और सिग्नल जैसे माध्यमों पर सक्रिय एक संदिग्ध नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

बताया जा रहा है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर धार्मिक आधार पर भड़काऊ और कट्टरपंथी सामग्री साझा की जा रही थी। कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की कड़ी दिल्ली में पहले पकड़े गए कुछ युवकों से जुड़ी है।

उनकी पूछताछ और डिजिटल विश्लेषण के दौरान ओडिशा से लिंक सामने आया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी बेरोजगार है और ऑनलाइन माध्यम से एक बंद नेटवर्क के संपर्क में आया था, जहां उसे कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित किया गया।

नेटवर्क की तलाश में जुटी एजेंसियां

एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि आरोपी के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है। कार्रवाई के बाद आरोपी को दिल्ली ले जाया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

इस घटनाक्रम ने एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और संभावित सीमा पार कनेक्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

इधर, जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किन-किन संगठनों से जुड़ा था, उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे, तथा वह किस तरह की गतिविधियों में शामिल था। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- पुरी जगन्नाथ मंदिर के बाहरी रत्न भंडार की गिनती पूरी, अब सोमवार को खुलेगा रहस्यमयी खजाना

यह भी पढ़ें- मिडल ईस्ट संकट की मार: ओडिशा का प्लास्टिक उद्योग पस्त, कच्चे माल की कमी से बंद होने की कगार पर कई फैक्ट्रियां