Updated: Tue, 03 Jun 2025 11:48 AM (IST)
भुवनेश्वर में मानसून की सुस्ती के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसूनी हवा के आगे न बढ़ने से तापमान में वृद्धि हुई है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक मानसून के निष्क्रिय रहने की चेतावनी दी है और कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई है। लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। प्रदेश में पिछले दो हफ्तों से गर्मी मानो गायब सी हो गई थी। मानसून के कारण पूरे प्रदेश के आसमान में बादल छाए रहे, जिससे पूरे प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसूनी वायु आगे नहीं बढ़ रही है।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इससे मानसून दक्षिण ओडिशा के कुछ स्थानों तक पहुंचने के बाद रुक गया है। भवानीपटना और पुरी लाइन से आगे नहीं बढ़ रहा है। जिससे मानसून के अगले सप्ताह तक आगे बढ़ने की संभावना नहीं है। यही कारण है राजधानी भुवनेश्वर के साथ पूरे प्रदेश में सोमवार को काफी गर्मी और उमस थी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने इस तरह की आशंका जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि मानसून अगले सात दिनों तक निष्क्रिय रहेगा। यह आगे नहीं बढ़ेगा क्योंकि जलवायु की स्थिति अनुकूल नहीं है।
हालांकि, अगर मानसून अभी आगे नहीं भी बढ़ता है तो भी इसे आगे ही माना जाएगा। आम तौर पर पांच जुलाई तक मानसून पूरे देश में पहुंच जाता है। उनका अनुमान है कि यह इस अवधि से पहले हर जगह पहुंच जाएगा।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। लेकिन यह आगे नहीं बढ़ रहा है। अगले पांच-सात दिनों तक मानसून आगे नहीं बढ़ेगा। मानसून के सक्रिय नहीं होने के कारण बारिश की कोई संभावना नहीं है।
एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है, लेकिन उन्होंने भविष्यवाणी की कि ज्यादातर जगहों पर बारिश नहीं होगी। बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति में लू चलने की संभावना है।
बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति में बुधवार को लू चलने की संभावना है। गुरुवार और शुक्रवार को ऐसी स्थिति से छुटकारा नहीं मिल पाएगा। राज्य के कई हिस्सों में सोमवार को गर्मी और तेज हवाएं चलीं। गर्मी के साथ उच्च आर्द्रता के कारण असहनीय उमस हुई।
लोगों के पसीने छूट रहे थे। 14 शहरों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया था। बालेश्वर में तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भुवनेश्वर में तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस, बारीपदा, तालचेर और पारलाखेमुंडी और कटक में 39.4 डिग्री, हीराकुद और संबलपुर में 39.1 डिग्री और भद्रक में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।