जम्मू-कश्मीर में LG ने कोकरनाग में बलिदान हुए जवानों को दी श्रद्धांजलि, बोले- राष्ट्र हमेशा वीर जवानों को याद रखेगा
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लांस हवलदार पलाश घोष और लांस नायक सुजय घोष को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने कोकरनाग में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान हिमस्खलन में अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि राष्ट्र इन वीर जवानों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा और उनके परिवारों के साथ खड़ा है। दोनों सैनिक तलाशी अभियान के दौरान लापता हो गए थे, जिनके शव बाद में बरामद किए गए।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि
राज्य ब्यूरो, जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सेना के वीर जवानों लांस हवलदार पलाश घोष और लांस नायक सुजय घोष को श्रद्धांजलि अर्पित की।
लांस हवलदार पलाश घोष और लांस नायक सुजय घोष ने कोकरनाग के किश्तवाड़ रेंज में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आने के कारण सर्वोच्च बलिदान दिया।
उपराज्यपाल ने कहा कि मैं हमारे वीर जवानों लांस हवलदार पलाश घोष और लांस नायक सुजय घोष के सर्वोच्च बलिदान को नमन करता हूं। राष्ट्र हमारे सैनिकों की अनुकरणीय वीरता और निस्वार्थ सेवा के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा। हम इस दुख की घड़ी में अपने शहीदों के परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
सेना की विशिष्ट पैरा यूनिट के ये दोनों सैनिक इस सप्ताह की शुरुआत में कोकरनाग में एक तलाशी अभियान के दौरान लापता हो गए थे। आतंकवादियों के वहां छिपे होने की सूचना मिलने के बाद अहलान गडोल इलाके में अभियान शुरू किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि एक सैनिक का शव गुरुवार को बरामद किया गया था जबकि दूसरे का शव शुक्रवार को मिला था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।