विजय और योगेश्वर आज बनेंगे 'खेल रत्न'
लंदन ओलंपिक में देश का मान बढ़ाने वाले निशानेबाज विजय कुमार और पहलवान योगेश्वर दत्त को बुधवार को देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा। खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में महामहिम खेल की दुनिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियो
नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। लंदन ओलंपिक में देश का मान बढ़ाने वाले निशानेबाज विजय कुमार और पहलवान योगेश्वर दत्त को बुधवार को देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा। खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में महामहिम खेल की दुनिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों का सम्मान करेंगे।
विजय ने 25 मीटर रैपिड फायर में रजत पदक जीता था, जबकि योगेश्वर ने 60 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक हासिल किया था। एथेंस में रजत पदक जीतने वाले निशानेबाज राज्यवर्धन सिंह की अध्यक्षता वाली समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए कुल 25 खिलाड़ियों का चयन किया है। इनमें कैंसर से लड़कर दोबारा भारतीय टी-20 टीम में वापसी करने वाले क्रिकेटर युवराज सिंह का भी नाम शामिल है। युवराज पिछले साल विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। वहीं, भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान असलम शेर खान की अध्यक्षता में चयन समिति ने छह द्रोणाचार्यो का चुनाव किया है।
किसको कितनी राशि
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार विजेता को 7.50 लाख रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। अर्जुन पुरस्कार विजेता को पांच लाख रुपये, अर्जुन की कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र। द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार विजेता को पांच लाख रुपये, कांस्य प्रतिभा व प्रशस्ति पत्र।
किसको मिलेगा कौन सा सम्मान
अर्जुन अवार्ड
युवराज सिंह (क्रिकेट)
सरदारा सिंह (हॉकी)
गीता फोगट, नरसिंह यादव, राजिंदर कुमार (कुश्ती)
अनुराज सिंह, ओंकार सिंह, जयदीप करमाकर (निशानेबाजी)
पी. कश्यप, अश्विनी पोनप्पा (बैडमिंटन)
दीपिका कुमारी, बोम्बाल्या देवी (तीरंदाज)
सुधा सिंह, कविता राउत (एथलेटिक्स)
आदित्य मेहता (स्नूकर)
विकास कृष्णन (मुक्केबाजी)
यशपाल सोलंकी (जूडो)
अनूप कुमार (कबड्डी)
समीर सुहाग (पोलो)
दीपिका पल्लीकल (स्क्वॉश)
संदीप सेजवाल (तैराकी)
सोनिया चानू (भारोत्तोलन)
बिमोलजीत सिंह (वुशू)
दीपा मलिक, रामकरण सिंह (पैरालंपिक एथलेटिक्स)
द्रोणाचार्य अवार्ड
इगलेसियास फर्नाडीज (मुक्केबाजी) यशवीर सिंह (कुश्तीं)
वीरेंद्र पूनिया (एथलेटिक्स)
सुनील डबास ( कबड्डी)
हरेंद्र सिंह (हॉकी)
डॉ. सत्यपाल (पैरा एथलेटिक्स)
ध्यानचंद अवार्ड
जगराज सिंह मान (एथलेटिक्स)
गगनदीप कुमार (हॉकी)
विनोद कुमार (कुश्ती)
सुखबीर सिंह टोकस (पैरा स्पोर्ट्स)
लाइफटाइम अचीवमेंट
भवानी मुखर्जी (टेबल टेनिस कोचं) जेएस भाटिया (एथलेटिक्स कोच)
खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल)
रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड,
सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड
एयर इंडिया स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड
'दद्दा' के सम्मान में मनता है खेल दिवस
हॉकीप्रेमियों में 'दद्दा' नाम से मशहूर ध्यानचंद को दुनिया के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। गोल करने की असाधारण क्षमता के कारण उन्हें हॉकी का जादूगर कहा जाता था। उनके नाम पर लगातार तीन ओलंपिक (1928, 1932 और 1936) में स्वर्ण पदक जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। 1948 में अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले ध्यानचंद ने करियर में 400 से ज्यादा गोल दागे थे। 1928 एम्सटर्डम ओलंपिक में ध्यानचंद सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने पांच मैचों में 14 गोल दागे। 1932 लॉस एंजिल्स खेलों के फाइनल में भारत ने अमेरिका को 24-1 से रौंद दिया था, जो आज भी एक रिकॉर्ड है। इस मैच में ध्यानचंद ने आठ गोल किए। 1936 बर्लिन ओलंपिक के फाइनल में भारत ने जर्मनी को 8-1 से करारी शिकस्त दी थी। ध्यानचंद ने सबसे ज्यादा तीन गोल किए थे। हॉकी ही ऐसा खेल है, जिसमें भारत ने आठ स्वर्ण सहित ग्यारह पदक जीते हैं। उनकी स्मृति में देश उनके जन्मदिन (29 अगस्त) पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।