लैंडिंग गियर जाम, नहीं खुले पहिए फिर भी बचा ली 447 जानें
लंदन से अमेरिका के लास वेगास जा रहे ब्रिटिश एयरलाइन कंपनी वर्जिन अटलांटिक के एक विमान ने मंगलवार को नाटकीय ढंग से लैंडिंग की। विमान के लैंडिंग गियर में खराबी की वजह से कुछ पहिए खुल नहीं पाए। पायलट ने सूझबूझ से पहले कई घंटे विमान को हवा में घुमाया,
लंदन। लंदन से अमेरिका के लास वेगास जा रहे ब्रिटिश एयरलाइन कंपनी वर्जिन अटलांटिक के एक विमान ने मंगलवार को नाटकीय ढंग से लैंडिंग की। विमान के लैंडिंग गियर में खराबी की वजह से कुछ पहिए खुल नहीं पाए। पायलट ने सूझबूझ से पहले कई घंटे विमान को हवा में घुमाया, फिर इसका कुछ ईंधन समुद्र में गिराया और एक गियर के पहियों से ही विमान को सुरक्षित रूप से लंदन से 45 किमी दूर गैटविक हवाईअड्डे पर उतार लिया। विमान में 447 यात्री और 15 कू्र सदस्य मौजूद थे। इमरजेंसी लैंडिंग से कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई।
पूरा घटनाक्रम
1. सुबह 11:45 पर
वर्जिन एटलांटिक के विमान वीएस43-747-400 जंबो जेट विमान ने गैटविक हवाईअड्डे से उड़ान भरी।
2. 12:15 पर
पायलट को पता चला कि लैंडिंग गियर में कुछ समस्या है। इसके बाद पायलट ने नॉर्थ डेवॉन तट के पास कई चक्कर लगाए और समुद्र में फ्यूल गिराया।
3. 12:30 पर
विमान ने वापस गैटविक की ओर गया और फ्यूल जलाने के लिए हवाईअड्डे के ऊपर तीन घंटे तक चक्कर लगाए।
5. 4 बजे तक
विमान ने एक ओर के पहियों के साथ सुरक्षित लैंडिंग की। कुछ यात्रियों को इस दौरान मामूली चोटें आई। रनवे पर बचाव दल पहुंच गया।
ऐसा है विमान
वर्जिन एटलांटिक के बोइंग 747 जंबो जेट विमान में 18 पहिए हैं। 16 पहिए विमान के विंग और सेंट्रल एरिया में हैं। सभी पहिए कॉकपिट में बैठे पायलट की कमांड पर बाहर आते हैं। सेंट्रल एरिया में 16 पहिए चार-चार के सेट में मौजूद रहते हैं। इनमें से लैंडिंग में काम आने वाला एक सेट नहीं खुला।
चार घंटे बंद रहा हवाईअड्डा
ब्रिटेन के दूसरे सबसे बड़े हवाईअड्डे गैटविक को विमान को सुरक्षित हटाने पर चार घंटे के लिए बंद कर दिया गया था। इससे लगभग 10 हजार यात्री प्रभावित हुए और 32 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई।
पायलट बना हीरो
सुरक्षित लैंडिंग होने पर सभी यात्रियों ने पायलट और स्टाफ की प्रशंसा की और धन्यवाद दिया। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि पायलट को ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए कड़ी मेहनत करना पड़ती है। वहीं, एयरलाइंस के प्रेसीडेंट सर रिचर्ड ब्रैनसन ने ट्वीट कर विमान की नाटकीय लैंडिंग पर पायलट और स्टाफ की सराहना की और यात्रियों के धैर्य रखने पर धन्यवाद दिया।