धीरे-धीरे समय के साथ बढ़ते गए बंदरों के सिर
वैज्ञानिकों ने 3डी तकनीक की मदद से शुरुआती दौर में पाए जाने वाले बंदरों के सिर पर शोध किया।
वाशिंगटन (प्रेट्र)। अमेरिकी वैज्ञानिकों ने मस्तिष्क के विकास से जुड़े रहस्य से पर्दा उठाने का दावा किया है। फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों के मुताबिक बंदरों के सिर का विकास समय के साथ हुआ है। शुरुआत में उनका सिर छोटा हुआ करता था। इसके बढ़ने के कारणों को भी पहली बार सामने लाने की बात कही गई है।
अमेरिकी वैज्ञानिकों ने करीब पांच करोड़ साल पहले पाए जाने वाले एडापिफॉर्म्स (बंदर या लीमर जैसा जानवर) समूह के जीवों के सिर पर अध्ययन के बाद इसका पता लगाया है। वैज्ञानिकों ने 3डी तकनीक की मदद से शुरुआती दौर में पाए जाने वाले बंदरों के सिर पर शोध किया। इसके जरिये न्यूरॉन का विश्लेषण भी किया गया। इसमें देखने की क्षमता के विकास के साथ सिर के आकार में वृद्धि की बात सामने आई है। इसके अलावा शोधकर्ताओं ने बेहद जटिल न्यूरोलॉजिकल गतिविधियों को भी समझने की कोशिश की है।
वैज्ञानिकों ने इस खोज से मानव सिर के विकास के बारे में भी पता लगाने की उम्मीद बढ़ने की बात कही है।