UGC NET Re-Exam 2026: NTA ने तीन विषयों के री-एग्जाम के लिए शेड्यूल किया जारी, इन कारणों के चलते रद हुई परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA द्वारा) अंग्रेजी, कॉमर्स एवं सोशियोलॉजी पेपर के लिए री-एग्जाम 9 एवं 10 सितंबर 2026 को करवाया ...और पढ़ें

UGC NET Re-Exam 2026
HighLights
अंग्रेजी, कॉमर्स एवं सोशियोलॉजी विषयों के लिए दोबारा होगी परीक्षा।
गड़बड़ियों के चलते रद किया गया एग्जाम।
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से यूजीसी नेट जून 2026 एग्जाम कुल 87 विषयों के लिए आयोजित किया गया था जिसमें से 3 विषयों- अंग्रेजी, कॉमर्स एवं सोशियोलॉजी पेपर की परीक्षा को रद कर दिया गया है। इसके साथ ही एनटीए द्वारा इन विषयों के री-एग्जाम के लिए डेट्स का एलान भी कर दिया गया है। नोटिस के मुताबिक परीक्षा का आयोजन दो दिन में करवाया जायेगा।
एग्जाम डेट, शिफ्ट एवं टाइमिंग
तीन विषयों के लिए री-एग्जाम 9 एवं 10 सितंबर 2026 को करवाया जायेगा। पहले दिन परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित होगी। 9 सितंबर को शिफ्ट 1 में अंग्रेजी की परीक्षा वहीं दूसरी शिफ्ट में कॉमर्स का एग्जाम होगा। 10 सितंबर को सोशियोलॉजी की परीक्षा केवल सुबह की शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट के लिए टाइमिंग सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक एवं दूसरी शिफ्ट की परीक्षा अपरान्ह 3 से शाम 6 बजे तक रहेगी।
क्यों रद हुई परीक्षा
एनटीए द्वारा नोटिफिकेशन जारी कर परीक्षा रद होने को लेकर जानकारी दी गई है जिसमें बताया गया कि "NTA को तीन विषयों- अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के पेपर में कई गलतियों के बारे में शिकायतें मिली थीं। इसके बाद NTA ने इन गलतियों की जांच करने के लिए एक कमेटी बनाई।
कमेटी ने पाया कि इन तीनों पेपर में कई तरह की गलतियां थीं, जैसे कि तथ्यों की गलतियां, टाइपिंग की गलतियां, अनुवाद की गलतियां, मशहूर विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, किताबों के गलत नाम, सवालों की भाषा में गलतियां, व्याकरण की गलतियां, लिंग और वचन से जुड़ी गलतियां, विराम चिह्नों की गलतियां, और स्थापित कॉन्सेप्ट के लिए अजीब या गैर-मानक शब्दों का इस्तेमाल। साथ ही, पहले पूछे गए कई सवाल भी दोबारा पूछे गए थे। कमेटी ने सुझाव दिया कि निष्पक्ष और बिना गलती वाली परीक्षा कराने के लिए, इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराई जानी चाहिए।
इसलिए, NTA ने यह निष्कर्ष निकाला है कि ऐसी कमियों वाले पेपर निष्पक्ष और बिना गलती वाली परीक्षा के मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं, और इतनी बड़ी कमियों को केवल चैलेंज प्रोसेस के बाद कुछ सवालों को हटाकर ठीक नहीं किया जा सकता है। इन्हीं बातों को ध्यान रखते हुए परीक्षा का आयोजन दोबारा करवाया जायेगा।

बाकी विषयों के लिए आंसर की जारी
87 विषयों के लिए आयोजित हुई परीक्षा में से 84 विषयों के लिए प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी इससे अपने प्रश्न उत्तरों का मिलान करके अपने रिजल्ट का अनुमान लगा सकते हैं। इस दौरान अगर वे इसमें दिए किसी उत्तर से संतुष्ट नहीं हैं तो 200 रुपये प्रति उत्तर भुगतान करके उस पर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
