ईरान से भारतीयों को निकालने के अभियान ने पकड़ी स्पीड, श्रीलंका-नेपाल के नागरिकों को भी निकालेगा भारत
तुर्कमेनिस्तान के रास्ते आए दूसरे विमान की जानकारी साझा करते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा कि 21 जून को तड़के तीन बजे तुर्कमेनिस्तान के अश्गाबात से एक विशेष उड़ान नई दिल्ली पहुंची जो ईरान से भारतीयों को घर लेकर आयी।

ईरान से भारत लौटे भारतीय (फाइल फोटो)
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। इजरायल-ईरान में जारी युद्ध के बीच ईराक में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने का अभियान आपरेशन सिंधु अब गति पकड़ने लगा है। शुक्रवार देर रात और शनिवार तड़के तुर्केमिनस्तान से दो विमानों से कुल 290 भारतीय नागरिकों को वापस लाया गया। विदेश मंत्रालय के अनुसार आपरेशन सिंधु के तहत अब तक छात्रों समेत 517 भारतीय नागरिक ईरान से स्वदेश लाए गए हैं।
ईरान-इजरायल युद्ध की गंभीर हुई स्थिति को देखते हुए भारत ने ईरान से अपने सभी नागरिकों को निकालने की घोषणा की है। वहीं पड़ोसी देश नेपाल और श्रीलंका की सरकारों के अनुरोध पर भारत ने ईरान से उनके नागरिकों को भी निकालने का फैसला किया है।
भारतीय नागरिकों की वापसी के अभियान की प्रगति एक्स पर साझा करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि आपरेशन सिंधु उड़ान नागरिकों को घर ले आई। भारत ने चार्टर विमान से ईरान से 290 भारतीय नागरिकों को निकाला जिनमें छात्र और धार्मिक तीर्थयात्री भी शामिल थे। यह उड़ान 20 जून को रात 11.30 बजे नई दिल्ली हवाई अडडे पर पहुंची जहां विदेश मंत्रालय के अधिकारी अरुण चटर्जी ने वापस लौटे नागरिकों का स्वागत किया। अहम बात यह है कि इजरायल के हमलों के बीच ईरान ने भारत के नागरिकों को सुरक्षित बाहर जाने के लिए अपना एयरस्पेस विशेष रूप से खोलकर दोनों देशों के मैत्री पूर्ण संबंधों की गहराई का संदेश दिया।
अब तक 517 भारतीय लौटे
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी ईरान की पहल पर कहा कि भारत सरकार के अपने नागरिकों को निकालने के अभियान को सुविधाजनक बनाने के लिए हम ईरान सरकार के आभारी हैं। तुर्कमेनिस्तान के रास्ते आए दूसरे विमान की जानकारी साझा करते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा कि 21 जून को तड़के तीन बजे तुर्कमेनिस्तान के अश्गाबात से एक विशेष उड़ान नई दिल्ली पहुंची जो ईरान से भारतीयों को घर लेकर आयी। आपरेशन सिंधु के तहत ईरान से 517 भारतीय नागरिक अब तक स्वदेश लौट आए हैं। ऑपरेशन सिंधु के तहत 110 भारतीय छात्रों-नागरिकों का पहला बैच गुरूवार को स्वदेश लौटा था।
श्रीलंका और नेपाल के नागरिकों को भी निकालेगा भारत
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि ईरान-इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष के बीच भारत ईरान से अपने सभी नागरिकों को निकाल रहा है। इसके लिए दूतावास से टेलीग्राम चैनल या आपातकालीन संपर्क नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने ही अपने बयान में कहा कि आपेरशन सिंधु के तहत भारतीय नागरिकों को निकालने के अभियान के दौरान नेपाल तथा श्रीलंका के नागरिकों को भी ईरान से निकाला जाएगा। नेपाल और श्रीलंका की सरकारों ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए भारत से अनुरोध किया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार ईरान में 100 से भी कम श्रीलंकाई नागरिक रहते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।