Kanika Kapoor Corona Case: कनिका कपूर का PGI में बवाल, आइसोलेशन के मानकों को कर रहीं अनदेखा
लखनऊ में अपनी लापरवाही से सैंकड़ों लोगों की जान जोखिम में डालने वाली कनिका कपूर पीजीआइ में भी आइसोलेशन के मानकों को कर रही हैं अनदेखा।
लखनऊ, जेएनएन। शहर को खतरे में डालकर कनिका की मनमानी जारी है। अब वह अस्पताल में भी बवाल कर रही हैं। आइसोलेशन के नियमों को दरकिनार कर रही हैं। ऐसे में डॉक्टर-स्टाफ ने टोका, तो गायिका ने सोशल मीडिया पर भड़ास निकाली।
लंदन से लखनऊ लौटीं बॉलीवुड सिंगर ने सरकार की एडवाइजरी को नजरंदाज किया। उन्होंने बड़ी-बड़ी पार्टियों में शिरकत की। सैकड़ों परिवारों में संक्रमण का खतरा पसार दिया। वहीं शुक्रवार को वायरस की पुष्टि होने पर पौने दो बजे पीजीआइ भेजा गया। आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कनिका गाइड लाइन का पालन नहीं कर रही हैं। स्टाफ के मुताबिक वह मास्क नहीं लगा रही हैं। ऐसे में संक्रमण का खतरा डबल हो रहा है।
वहीं अब इलाज के दरम्यान भी सहयोग नहीं कर रही हैं। कनिका द्वारा गाइड लाइन का पालन न करने पर स्टाफ से कहासुनी हुई है। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़ास निकाली। चकाचौंध में रहने वाली कनिका को एक रात में ही अस्पताल जेल लगने लगा। सोशल मीडिया पर वार्ड में गंदगी, मच्छर होने का हवाला दिया। साथ ही कहा कि जब डॉक्टर-स्टाफ से सफाई के लिए कहा तो उन्होंने कहा कि मैडम यह कोई फाइव स्टार होटल नहीं है..अस्पताल है। ऐसे में कनिका ने इसे जेल बताया।
निदेशक बोले, झूठ बोल रहीं कनिका
पीजीआइ निदेशक डॉ. आरके धीमान ने कहा कि कनिका को प्राइवेट रूम दिया गया है। उसमें बाथरूम कनेक्ट है। टेलीविजन की भी सुविधा है। रूम में साफ-सफाई बेहतर है। मगर, वह इलाज के दौरान स्टाफ का सपोर्ट नहीं कर रही हैं। अस्पताल की तय गाइड लाइन के बजाए मनमानी कर रही हैं। सोशल मीडिया पर झूठ व अफवाह फैला रही हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।