Move to Jagran APP

Delhi Lok Sabha Election 2024: दिल्ली की सभी 7 सीटों पर किस पार्टी से कौन लड़ रहा चुनाव, यहां जानिए फुल डिटेल

Delhi Lok Sabha Election 2024 Seats दिल्ली की सभी सात सीटों पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 जून को होगी। इस बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) सीट-बंटवारे की व्यवस्था के तहत चुनाव लड़ रही है। आप ने 4 सीटों पर जबकि कांग्रेस ने तीन सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।

By Abhishek Tiwari Edited By: Abhishek Tiwari Published: Wed, 17 Apr 2024 04:39 PM (IST)Updated: Wed, 17 Apr 2024 04:39 PM (IST)
Delhi Lok Sabha Election 2024: दिल्ली की सभी 7 सीटों पर किस पार्टी से कौन लड़ रहा चुनाव, यहां जानिए फुल डिटेल
Delhi Lok Sabha Election 2024: दिल्ली की सभी 7 सीटों पर किस पार्टी से कौन लड़ रहा चुनाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Delhi Lok Sabha Election 2024 Candidate List : दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। इस बार आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ रही है। दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे के समझौते के तहत आप चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

loksabha election banner

2019 के लोकसभा चुनावों के उलट इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आप-कांग्रेस गठबंधन से कड़ी टक्कर मिल रही है। अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली में सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। आइए जानते हैं कि दिल्ली की 7 सीटों पर किस पार्टी से कौन प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।

1. उत्तर पूर्वी दिल्ली

कांग्रेस की ओर से कन्हैया कुमार को अपना प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर चुनाव दिलचस्प हो गया है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार का मुकाबला दो बार के भाजपा सांसद मनोज तिवारी से होगा।

इस सीट पर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के मतदाताओं का दबदबा है। 2019 के लोकसभा चुनाव में मनोज तिवारी ने कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को शिकस्त दी थी।

2. चांदनी चौक

कांग्रेस पार्टी ने चांदनी चौक लोकसभा सीट से 79 वर्षीय जयप्रकाश अग्रवाल को टिकट दिया है। वहीं, भाजपा नेता हर्षवर्धन के राजनीति से संन्यास की घोषणा के बाद पार्टी ने इस सीट से प्रवीण खंडेलवाल को मैदान में उतारा है।

जयप्रकाश अग्रवाल काफी अनुभवी नेता हैं। वह 1984 और 1989 में चांदनी चौक सीट से जीत जीते थे और 2009 में उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद रह चुके हैं जबकि प्रवीन खंडेलवाल राजनीति में नए हैं।

ये भी पढ़ें-

Lok Sabha Election 2024: कौन हैं प्रवीण खंडेलवाल, जिन्हें BJP ने दिल्ली की इस सीट से चुनावी मैदान में उतारा

3. उत्तर पश्चिम दिल्ली

यह निर्वाचन क्षेत्र 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आया। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित, उत्तर पश्चिम दिल्ली का प्रतिनिधित्व वर्तमान में गायक हंस राज हंस कर रहे हैं।

इस बार बीजेपी ने नॉर्थ एमसीडी के पूर्व मेयर योगेंद्र चंदोलिया को चुनावी मैदान में उतारा है। वह कांग्रेस उम्मीदवार उदित राज के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे, जिन्होंने 2014 में भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी।

4. नई दिल्ली सीट

इस निर्वाचन क्षेत्र में नई दिल्ली सहित 10 विधानसभा सीटें शामिल हैं, जहां से आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल विधायक हैं।

केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने 2014 और 2019 के चुनाव में आप के आशीष खेतान और कांग्रेस के अजय माकन को हराकर इस सीट से जीत हासिल की थी। हालांकि, इस बार भाजपा ने बांसुरी स्वराज को मैदान में उतारा है जिनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के तीन बार के विधायक सोमनाथ भारती से होगा।

5. पूर्वी दिल्ली

भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से पूर्वी दिल्ली नगर निगम के पूर्व मेयर हर्ष मल्होत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से गौतम गंभीर ने जीत दर्ज की थी। हर्ष मल्होत्रा का मुकाबला आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप कुमार से होगा।

6. दक्षिणी दिल्ली

इस सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के रमेश बिधूड़ी, कांग्रेस प्रत्याशी विजेंदर सिंह और आप के राघव चड्ढा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला था।

बीजेपी ने इस बार दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी को मैदान में उतारा है। भाजपा नेता का मुकाबला तुगलकाबाद निर्वाचन क्षेत्र से विधायक और आम आदमी पार्टी के सहीराम पहलवान से होगा।

7. पश्चिमी दिल्ली

भाजपा ने अपने दो बार के सांसद प्रवेश वर्मा के स्थान पर इस सीट से दक्षिणी दिल्ली के पूर्व मेयर कमलजीत सहरावत को मैदान में उतारा है। सहरावत का मुकाबला आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी महाबल मिश्रा से होगा, जिन्होंने 2009 में कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर जीत हासिल की थी।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली में कब होगा मतदान?

दिल्ली में सभी सात सीटों पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 जून को होगी। राजधानी में लगभग एक करोड़ 43 लाख 18 हजार पात्र मतदाता हैं।

इनमें लगभग 80 लाख पुरुष और 67 लाख महिला मतदाता शामिल हैं, जो अपने सांसदों को चुनने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

सात सीटों में से, नई दिल्ली 14.8 लाख मतदाताओं के साथ सबसे छोटी सीट है, जबकि पश्चिमी दिल्ली 24.9 लाख मतदाताओं के साथ सबसे बड़ी सीट है।

लोकसभा चुनाव 2019 परिणाम

वर्तमान में भाजपा के पास सभी सात लोकसभा सीटें हैं। वहीं दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से 8 सीटें भाजपा के पास हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के पास 62 सीटें हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.