Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    World Milk Day 2020: आइए जानें गाय के दूध से जुड़े हर सवाल पर दूध का दूध पानी का पानी

    By Sanjay PokhriyalEdited By:
    Updated: Mon, 01 Jun 2020 10:46 AM (IST)

    World Milk Day 2020 यूरोप और अमेरिका में जिस दूध की सर्वाधिक खपत होती है वह गाय का होता है! तो आइए आज मिल्क डे पर जानें दूध और गाय के बारे में कुछ ऐसी ही रोचक बातें

    World Milk Day 2020: आइए जानें गाय के दूध से जुड़े हर सवाल पर दूध का दूध पानी का पानी

    मनीष त्रिपाठी। 'पियो ग्लासफुल दूध' का स्लोगन तो आपने खूब सुना होगा और रोज नियम से दूध पीते भी होंगे। कोरोना संक्रमण के इस दौर में यह आवश्यक भी है। कोरोना की वजह से बदली जीवनशैली में गर्म दूध में एक चम्मच हल्दी का सेवन इम्युनिटी बढ़ाने के लिए काफी कारगर कहा जा रहा है, शायद यही वजह रही कि अप्रैल के अंत में अमूल ने इसी मकसद से भारतीय बाजार में हल्दी दूध पेश किया। दिलचस्प बात यह है कि गाढ़ेपन की वजह से भले ही भारत में भैंस का दूध ज्यादा पसंद किया जाता है लेकिन यूरोप और अमेरिका में जिस दूध की सर्वाधिक खपत होती है, वह गाय का होता है! तो आइए आज मिल्क डे पर जानें, दूध और गाय के बारे में कुछ ऐसी ही रोचक बातें:

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रश्न- क्या किसी भी गाय से दूध मिल सकता है?

    उत्तर- नहीं, क्योंकि प्रकृति ने दूध की व्यवस्था स्तनधारी प्राणियों के शिशुओं के आहार के रूप में की है इसलिए गाय भी तभी दूध देने योग्य होती है जब वह माँ बन चुकी हो। प्रथम प्रजनन से पूर्व गाय बछिया कहलाती है और इससे एक बूँद दूध भी नहीं मिल सकता!

    प्रश्न- गाय का गर्भावस्था काल कितने माह का होता है?

    उत्तर- गाय का गर्भावस्था काल मनुष्य की ही तरह 9 महीने का होता है और जन्म के एक घंटे के भीतर ही बछड़ा/बछिया चलना शुरू कर देती है!

    प्रश्न- गाय एक दिन में कितना दूध दे सकती है?

    उत्तर- अच्छी नस्ल की गाय (उदाहरणस्वरूप जर्सी) एक दिन में 32 लीटर दूध दे सकती है। गाय जितना दूध देती है उसके अनुपात में इसे दोगुना पानी पीने की जरूरत होती है!

    प्रश्न- गाय का वजन कितना होता है?

    उत्तर- औसत जर्सी गाय का वजन 317 किलोग्राम से 453 किलोग्राम के बीच होता है जबकि होलस्टीन नस्ल की गाय 680 किलोग्राम तक भारी हो सकती है।

    प्रश्न- एक गैलन (लगभग 4 लीटर) दूध देने के लिए गाय को कितना पानी पीना होता है?

    उत्तर- एक गैलन दूध देने के लिए गाय को लगभग दो गैलन पानी पीना होता है। इसका मतलब यह कि अगर कोई गाय एक दिन में 8 गैलन दूध देती हो तो उसे 128 लीटर पानी पीना होगा!

    प्रश्न- क्या गाय के चार पेट होते हैं?

    उत्तर- नहीं, गाय के चार पेट नहीं होते हैं बल्कि इसका पेट चार भागों में विभाजित होता है!

    प्रश्न- गाय कितने समय तक जुगाली करती है?

    उत्तर- चारा-सानी के समय गाय जल्दी-जल्दी आहार को पेट में भर लेती है और बाद में इसे वापस मुँह में लाकर चबाती है। इस प्रक्रिया को जुगाली कहते हैं और इसकी अवधि 6 से 8 घंटे तक होती है।

    प्रश्न- क्या गाय में घास और भूसा खाने के लिए विशेष दाँत होते हैं?

    उत्तर- हाँ, घास और भूसा खाने के लिए गाय में विशेष दाँत होते हैं। गाय के दाँत हमारे दाँतों से भिन्न होते हैं। गाय के मुँह के बिल्कुल ऊपरी हिस्से में दाँतों की जगह सख्त चमड़ी होती है। इसके निचले जबड़े में सामने की ओर 8 इनसाइजर (काटने वाले) दाँत और दोनों तरफ ऊपर-नीचे 6-6 मोलर (पीसने-चबाने वाले) दाँत होते हैं। गाय के जबड़े में कुल 32 दाँत होते हैं।

    प्रश्न- दुहते समय गाय के दूध का तापमान क्या होता है?

    उत्तर- दुहते समय गाय के दूध का तापमान 101 डिग्री फारेनहाइट होता है। जिन गायों को डेरी फार्म में दुहा जाता है वहाँ इसे तुरंत ही निकाल कर 40 डिग्री फारेनहाइट तापमान पर ठंडा कर दिया जाता है। डेरी में दूध का पाश्चुराइजेशन कर इसे कीटाणुमुक्त कर दिया जाता है।

    प्रश्न- दूध सफेद क्यों होता है?

    उत्तर- दूध में कैसीन होता है। यह दुग्ध प्रोटीन कैल्शियम से भरपूर होता है और इसी कारण दूध सफेद दिखाई देता है। दूध में मौजूद वसा भी इसे सफेद रंग देती है और इसी कारण वसा निकला हुआ (स्किम्ड) दूध रंग में हल्का दिखाई देता है!

    प्रश्न- दूध में मौजूद कौन से दो तत्व इसे फायदेमंद बनाते है?

    उत्तर- दूध में मौजूद दो तत्व इसे सेहत के लिए बहुत बढिय़ा बना देते हैं। यह हैं कैल्शियम और विटामिन डी। जहाँ कैल्शियम हड्डियों और दाँतों को मजबूत बनाता है वहीं विटामिन डी हड्डियों के मजबूत बने रहने में सहायक सिद्ध होता है।

    प्रश्न- उम्र के हिसाब से शरीर को कितना दूध मिलना चाहिए?

    उत्तर- अच्छी वृद्धि और स्वास्थ्य के लिहाज से दूध सभी के लिए बहुत अच्छा है! 1 से 12 साल के बच्चों को दिन में दो ग्लास और किशोरों को तीन ग्लास दूध पीना ही चाहिए! इसी प्रकार वयस्क व्यक्तियों को दिन में दो ग्लास दूध की जरूरत होती है।