अनुराग ठाकुर ने सोनिया-राहुल पर साधा निशाना, कहा- राजस्थान की दुष्कर्म की घटना पर क्यों हैं चुप?
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने चुनावी राज्य राजस्थान में एक नाबालिग से हुए दुष्कर्म की घटना को लेकर गहलोत सरकार की आलोचना की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अन्य राज्यों में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध के मामलों को उजागर करने का मौका कभी नहीं गंवाया लेकिन राजस्थान पर चुप हैं।
नई दिल्ली, पीटीआई। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने चुनावी राज्य राजस्थान में एक नाबालिग से हुए दुष्कर्म की घटना को लेकर गहलोत सरकार (Gehlot Govt) की आलोचना की है। इसके साथ ही उन्होंने आश्चर्य जताया कि इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी चुप्पी क्यों साधे हुए हैं।
क्या कुछ बोले अनुराग ठाकुर?
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। वहां इस तरह के 34 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा,
राजस्थान के पिछले पांच साल के आंकड़े देख लीजिए, महिलाओं के खिलाफ अपराध के दो लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अन्य राज्यों में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध के मामलों को उजागर करने का मौका कभी नहीं गंवाया, लेकिन राजस्थान पर चुप हैं, जबकि यह राज्य ऐसे अपराधों में नंबर एक पर है।
'अपराधियों को बचा रही कांग्रेस सरकार'
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपराधियों को बचा रही है। राजस्थान में महिलाएं असुरक्षित हैं। वहां हर दिन महिलाओं से दुष्कर्म सहित अन्य अपराधों के 16 से 17 मामले दर्ज होते हैं। पिछली बार जब राहुल गांधी बांसवाड़ा गए थे तो एक दलित लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या करने की घटना सामने आई थी। उसके शव को पास के भीलवाड़ा में एक कुएं में फेंक दिया गया। फिर भी वह उस स्थान पर नहीं गये।
यह भी पढ़ें: महिला आरक्षण को लेकर बोले अनुराग ठाकुर, कहा- राह में रोड़ा अटकाना चाह रहे कुछ लोग
उन्होंने कहा कि यदि अन्य राज्यों में ऐसी घटना होती है तो कांग्रेस नेता सबसे पहले ट्वीट करते हैं, लेकिन जब राजस्थान सहित कांग्रेस शासित राज्यों की बात आती है तो वे नेता चुप हो जाते हैं।