दुनिया के सबसे मजबूत माने जाने वाले अमेरिकी डालर पर छपी होती है किनकी तस्वीरें, क्या आप जानते हैं इसका जवाब
डालर को विश्व की सबसे ताकतवर मुद्रा माना जाता है। इसलिए ही दूसरे देशों की मुद्रा की तुलना भी डालर से की जाती है। अमेरिकी डालर पर अलग-अलग चेहरे अंकित हैं। इनमें से अधिकतर वहां के राष्ट्रपति थे।

नई दिल्ली (आनलाइन डेस्क)। पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर अमेरिकी डालर अपना प्रभाव दिखाता आया है। दुनिया भर के देशों की तुलना इसी डालर से की जाती है। यही वजह है कि डालर का गिरना और बढ़ना किसी भी देश के लिए अच्छा या बुरा संकेत होता है। लेकिन क्या आपको पता है कि अमेरिका की इस मजबूत करेंसी पर किन चेहरों को अंकित किया गया है। यदि नहीं तो आज हम आपको इसकी जानकारी देते हैं।
अमेरिका की करेंसी
अमेरिका में भी किसी अन्य देश की ही तरह 1, 2, 5,10, 20, 50 और 100 डालर के अलग अलग नोट होते हैं। इन सभी पर अलग अलग चेहरे अंकित हैं। आपको बता दें कि किसी भी देश की करेंसी पर छपी जगह या चेहरों की अपनी अहमियत होती है। इसका सीधा सा अर्थ उस जगह या उस व्यक्ति के उस देश पर प्रभाव का होता है। अमेरिका की ही बात करें तो यहां की करेंसी पर अधिकतर यहां के पूर्व राष्ट्रपतियों की ही फोटो है। इसके अलावा दो नोटों पर देश के फाउंडिंग फादर की भी तस्वीर अंकित की गई है।
इन नेताओं की छवि है अंकित
बहरहाल अमेरिका में एक डालर पर देश के सबसे पहले राष्ट्रपति जार्ज वाशिंगटन की छवि अंकित होती है। वहीं 2 डालर के नोट पर देश के तीसरे राष्ट्रपति थामस जेफरसन की छवि है। 5 डालर के नोट पर देश के 16वें राष्ट्रपति मशहूर एब्राहम लिंकन की तस्वीर छवि है। 10 डालर के नोट पर जिनकी तस्वीर छवि है उनका नाम एलेक्जेंडर हेमिल्टन है। हेमिल्टन को अमेरिका का संस्थापक कहा जाता है। 20 डालर के नोट पर देश के 7वें राष्ट्रपति एंड्रयू जैकसन की छवि है। वहीं 50 डालर के नोट पर देश के 18वें राष्ट्रपति यूलेसिस ग्रांट और 100 डालर के नोट पर बेंजामिन फ्रेंकलिन की तस्वीर छपी हुई है। फ्रेंकलिन को भी अमेरिका के फाउंडिंग फादर कहा जाता है।
कड़ी हिफाजत में होती है छपाई
किसी भी देश की तरह अमेरिका में करेंसी को बड़ी हिफाजत से छापा जाता है। इसकी छपाई के बाद एक्सपर्ट इनकी जांच करते हैं। हर चीज की बड़ी ही बारिकी से जांच की जाती है। सुरक्षा के लिहाज से हर चीज का अनुपात भी देखा जाता है। किसी भी तरह की गलती मिलने पर उस नोट को तुरंत बाहर कर दिया जाता है। छपाई के बाद ये करेंसी कड़ी सुरक्षा में लाकरूम में रख दी जाती है, जिसके बाद जरूरत के हिसाब से ये देश में बैंकों के माध्यम से भेजी जाती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।