Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Mahua Moitra Pinaki Misra Marriage: महुआ मोइत्रा ने जर्मनी में क्यों रचाई शादी? परिवारवालों ने बताई वजह

    Updated: Thu, 05 Jun 2025 08:14 PM (IST)

    Mahua Moitra Pinaki Misra Marriage तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने जर्मनी में शादी रचा ली है। उन्होंने बीजेडी के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा से शादी रचाई है। दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी की। जानकारी के अनुसार दोनों 3 मई को विवाह के बंधन में बंधे थे।

    Hero Image
    Mahua Moitra Pinaki Misra Marriage: तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने पिनाकी मिश्रा से की शादी।(फोटो सोर्स: Mahua Moitra एक्स हैंडल)

    राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के नदिया जिले की कृष्णानगर लोकसभा सीट से तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने पिछले सप्ताह 30 मई को पुरी के पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा के साथ जर्मनी के बर्लिन पैलेस में शादी रचा ली। 65 वर्षीय पिनाकी और 51 वर्षीय महुआ दोनों की यह दूसरी शादी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खिलाड़ियों, अभिनेताओं और अभिनेत्रियों की विदेश में या देश के किसी प्राचीन महल-किले में 'डेस्टिनेशन वेडिंग' कोई नई बात नहीं है। लेकिन दो नेताओं की यह शादी देश में चौंकने वाला है। हालांकि इसे उस मायने में 'डेस्टिनेशन वेडिंग' नहीं कहा जा सकता। दंपती के करीबी लोगों का कहना है कि उन्होंने भीड़ से बचने के लिए बर्लिन को चुना।

    जून के अंत तक देश लौट जाएंगे दंपती 

    पिनाकी-महुआ फिलहाल यूरोप में हनीमून मनाने में व्यस्त हैं। महुआ ने तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी को बताया था कि वह पिनाकी से शादी कर रही हैं। वह उनसे 'छुट्टी' लेकर शादी के लिए विदेश गई थीं। पिनाकी और महुआ के जून के अंत तक देश लौटने की उम्मीद है।

    इससे पहले 2019 में तृणमूल के लिए बशीरहाट लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित होने के बाद नुसरत जहां निखिल जैन के साथ तुर्किये में 'डेस्टिनेशन वेडिंग' की थीं। इसलिए उन्हें सांसद के रूप में शपथ लेने में देरी हुई। नुसरत एक अभिनेत्री हैं। वह पूरी तरह से राजनेता नहीं थीं।

    महुआ शुरू से ही राजनेता थीं उस दौरान महुआ का डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रासन से रिश्ता था। दोनों ने शादी की थी। बाद में यह रिश्ता टूट गया। महुआ से तलाक के बाद लार्स ने दूसरी शादी कर ली। उसका एक बच्चा भी है। वहीं पिनाकी ने पहली शादी ओडिशा की संगीता मिश्रा से की थी। उनका एक बेटा और एक बेटी है। पिनाकी और संगीता का तलाक हुए कई साल हो चुके हैं।

    महुआ और पिनाकी दोनों ने कांग्रेस से शुरू की थी राजनीति

    एक समय में महुआ सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहद्राय की करीबी दोस्त थीं। हालांकि शुरू में यह मधुर था, लेकिन बाद में दोनों के बीच संबंध कड़वाहट के चरम चरण में पहुंच गए। एक पालतू जानवर के स्वामित्व को लेकर जय-महुआ का विवाद पुलिस स्टेशन तक पहुंच गया।

    लोकसभा में पिछले कार्यकाल के दौरान, महुआ पर गौतम अदाणी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जुड़े उपहारों और उपकारों के बारे में संसद में सवाल उठाने का आरोप लगाया गया था। जिसके आधार पर, संसद की आचार समिति की सिफारिश पर महुआ को निष्कासित किया गया था।

    उस आरोप को सामने लाने वालों में महुआ के पूर्व मित्र जय भी थे। उनके साथ भाजपा सांसद निशिकांत दुबे भी थे। जय और महुआ के बीच दूरी के बाद, पिनाकी के साथ महुआ की निकटता दोस्ती के अगले स्तर पर पहुंच गई। दोनों पिछले साल यूरोप की यात्रा पर भी गए थे। बताते चलें कि महुआ और पिनाकी दोनों ने ही कांग्रेस से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। हालांकि महुआ बहुत कम समय के लिए कांग्रेस में थीं।

    पुरी से चार बार सांसद रहे पिनाकी  

    हालांकि, पिनाकी पहली बार 1996 में कांग्रेस के टिकट पर पुरी से सांसद बने थे। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और बीजू जनता दल में शामिल हो गए। पेशे से वकील पिनाकी ने बीजद की ओर से 2009, 2014 और 2019 में पुरी से जीत हासिल की। हालांकि बीजद के शीर्ष नेता और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उन्हें पिछले लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया था।

    ओडिशा की राजनीति में ऐसी अफवाहें हैं कि महुआ से संबंधों के कारण विवाद से बचने के लिए बीजद ने पिनाकी को मैदान में नहीं उतारा। यह भी सुनने में आया है कि पिनाकी उम्मीदवार बनने के लिए तैयार नहीं हुए। दूसरी ओर, महुआ ने 2009 में जेपी मार्गन की नौकरी छोड़ दी और कांग्रेस में शामिल हो गए। उनकी राजनीतिक शुरुआत राहुल गांधी की 'आम आदमी का सिपाही' से हुई महुआ कृष्णानगर से लगातार दो बार 2019 और 2024 में चुनी गईं।

    यह भी पढ़ें: कौन हैं महुआ मोइत्रा के पहले पति और पिनाकी मिश्रा की पहली पत्नी? रोचक रही है इस रिश्ते की कहानी