Weather Updates: उत्तर भारत में गर्मी से तपे पहाड़, मैदान में पारा 40 के पार, जानिए कब मिलेगी तपिश से राहत
Weather Updates उत्तराखंड में गर्मी की मार से जनजीवन प्रभावित है। अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक उछाल के चलते दिन में गर्मी ने लोगों को परेशान किया हुआ है। यही हाल अन्य कई राज्यों का बना हुआ है।

जागरण टीम, नई दिल्ली। उत्तर भारत में शुष्क मौसम के चलते गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक चिलचिलाती धूप से लोग परेशान हैं। उत्तराखंड के मौसम विज्ञान केंद्र ने भी सोमवार और मंगलवार को तापमान में अत्यधिक बढ़ोतरी होने का अलर्ट भी जारी किया है। हालांकि, 13 और 14 अप्रैल को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ही ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चलने की उम्मीद है। वहीं, हिमाचल में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि व तेज हवाएं चलने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
उत्तराखंड में गर्मी की मार से जनजीवन प्रभावित है। अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक उछाल के चलते दिन में गर्मी ने लोगों को परेशान किया हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, मंगलवार शाम तक तापमान में सामान्य से अत्यंत अधिक वृद्धि की आशंका है। इससे मैदानों में भीषण गर्मी महसूस की जा सकती है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत में संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि, यहां हल्की बौछार भी पड़ सकती हैं। 13 व 14 अप्रैल को कहीं-कहीं ओलावृष्टि व बारिश हो सकती है।
दिल्ली में लू से नहीं राहत, भीषण गर्मी बन रही आफत
दिल्ली में रविवार को भी लू और तेज धूप से राहत नहीं मिली। भीषण गर्मी अब दिल्ली वासियों के लिए आफत बन गई है। दोपहर में तो घर से निकलना दुश्वार हो गया है। चिंता की बात यह भी कि गर्मी हर दिन बीते दिन का रिकार्ड तोड़ती नजर आती है। इसी कड़ी में रविवार को दिल्ली के कई इलाकों का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पार कर गया।
हिमाचल में बारिश व आंधी से मिली राहत
हिमाचल प्रदेश में शनिवार रात को मंडी, कुल्लू और शिमला जिले के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि व तेज हवाएं चलने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। इससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। रविवार को प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर धूप खिली है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 12 अप्रैल से बारिश की संभावना जताई है। विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि बहुत ही मामूली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई स्थानों में आंधी चलने के साथ हल्की बारिश हुई। प्रदेश में ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गर्म हवा से बेहाल है जम्मू
जम्मू-कश्मीर में बढ़ते तापमान के साथ अब हवा भी गर्म होने लगी है। दिन में गर्मी बेहाल करने लगी है। रविवार को जम्मू में इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 13-14 अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। आम दिनों में मौसम शुष्क एवं गर्म रहेगा।
दो दिन लू की चपेट में रहेगा पंजाब
अप्रैल की शुरुआत से ही पंजाब में आग बरस रही है। पिछले तीन दिनों से पंजाब के नौ जिलों में लू चल रही थी। इससे इन जिलों में दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया है। सेंटर के डायरेक्टर डा. मनमोहन ¨सह के अनुसार सोमवार व मंगलवार को पंजाब के अधिकांश इलाकों में दिन के समय में गर्म हवाएं चलेंगी। लू के थपेड़े लोगों को झुलसाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। ऐसे में लोगों को बचकर रहना चाहिए। 13 अप्रैल से हिमाचल के उपरी इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है, जिससे हिमाचल में बादल छाए रह सकते हैं और बारिश के भी आसार हैं। इसका असर पंजाब के कई जिलों पर भी पड़ेगा। हिमाचल की बारिश पंजाब के कई जिलों को एक-दो दिन के लिए गर्मी से राहत दिलाएगी।
जानिए कहां रही सबसे ज्यादा गर्मी
शहर, अधिकतम तापमान
ऊना, 40.0
सुंदरनगर, 36.3
हमीरपुर, 36.9
उत्तराखंड
पंतनगर, 37.2
खटीमा, 37.2
रुड़की, 37.1
पंजाब
पटियाला, 43.6
बरनाला, 43.1
मुक्तसर, 43.0
मोगा, 42.2
बठिंडा, 42.4
(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में है।)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।