Weather Update Today: पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, जानें दिल्ली-यूपी समेत अन्य राज्यों में मौसम का हाल
Weather Update Today उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। अधिकांश राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में धुंध लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है।

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत तमाम राज्यों में पारा तेजी से गिर रहा है। वहीं, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है। हालांकि, कुछ राज्यों में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। आपको बताते हैं कि देश के विभिन्न राज्यों में मौसम का क्या हाल है।
उत्तराखंड में गिरा पारा
उत्तराखंड में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले दो-तीन दिन मौसम में बहुत अधिक बदलाव के आसार नहीं है। मौसम शुष्क बना रहेगा। 29 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
हिमाचल प्रदेश में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में धुंध छाने लगी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी व ऊना के लिए चेतावनी जारी की है। कुछ हिस्सों में सुबह-शाम के वक्त कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बर्फबारी के चलते कई मार्गों को बंद किया गया है।
दिल्ली में बढ़ सकती है धुंध
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले कुछ दिनों में धुंध बढ़ सकती है। हालांकि, दिन भर आसमान साफ रहेगा। इसके अलावा हवा की रफ्तार धीमी होने के चलते वायु प्रदूषण में इजाफा हो रहा है।
बिहार में मौसम शुष्क
मौसम विभाग की माने तो पछुआ पवन के कारण राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। पछुआ पवन के चलते न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
यूपी में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने का अनुमान जताया गया है। साथ ही 1 दिसंबर से कोहरा छाया रहेगा। सुबह और रात के समय ठंड का ज्यादा असर है। हालांकि, दोपहर में धूप खिलने से लोगों को राहत मिल रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।