Move to Jagran APP

Weather Update Today: चक्रवात को लेकर IMD का अलर्ट, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, जानें- मौसम का हाल

Weather Update Today 23 October 2022 देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ता हुआ दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिवाली और कालीपूजा के दिन देश के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। जानें- देशभर के मौसम का हाल।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Sun, 23 Oct 2022 07:36 AM (IST)Updated: Sun, 23 Oct 2022 08:00 AM (IST)
देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, जानें- आज आपके क्षेत्र में कैसा रहेगा मौसम

 नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। मानसून लगभग पूरे देश से विदा हो चुका है। राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित उत्तरी उत्तर पश्चिमी तथा पूर्वी भारत का मौसम शुष्क बना रहेगा। समुद्री तूफान सितरंग (Cyclone Sitrang ) का प्रभाव पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों सहित उड़ीसा के उत्तर तटीय जिलों पर देखा जाएगा। 23 अक्टूबर की शाम से 25 अक्टूबर की दोपहर तक उड़ीसा और पश्चिम बंगाल के समुद्री इलाकों में जाना खतरनाक साबित हो सकता है।

loksabha election banner

मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दीपावली के समय बंगाल में बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान (Cyclone) बन रहा है जिसके रविवार देर रात तट पर पहुंचने की आशंका है। दिवाली के मौके पर पश्चिम बंगाल और ओडिशा में चक्रवाती तूफान सितरंग का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल गया है।

IMD के अनुसार चक्रवाती तूफान 25 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश पहुंचेगा। जिसके चलते ओडिशा और बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वानुमान है कि झारखंड में 25 से 27 तक राज्य में फिर से बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज यानी 23 अक्टूबर 2022 को ओडिशा, पश्चिम बंगाल सहित 12 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ राज्यों में भारी बारिश (Heavy Rain Alert) की संभावना व्यक्त की गई है।

यह भी पढ़ेंः दिवाली पर इन राज्यों में तबाही मचा सकता है चक्रवात सितरंग, पढ़ें- मौसम विभाग का ताजा अपडेट

दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर की हवा में जहर घुलना शुरू हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में लगातार 8वें दिन वायु प्रदूषण के बढ़ने का सिलसिला जारी है, जो सेहत के लिए बहुत खराब है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा। सुबह-शाम और रात में सर्दी के सितम में बढ़ोतरी होगी। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के अनुसार दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 266 (खराब) श्रेणी में है।

यह भी पढ़ेंः Cyclone Sitrang: समुद्र के ऊपर बना गहरा दबाव, 24 अक्टूबर तक चक्रवात में बदलने की संभावना

इन राज्यों में आज भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 23 अक्टूबर 2022 को ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह व दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में आज गरज-चमक और तेज हवा के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी है। IMD ने 12 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है।

ओडिशा में भारी बारिश के आसार

दक्षिण पश्चिम मानसून ओडिशा से पूरी तरह से लौट चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा से मानसून भले ही लौट चुका है लेकिन राज्य में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने वाले संभावित चक्रवात के प्रभाव से 24 और 25 अक्टूबर को भारी बारिश के आसार हैं। भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। ओडिशा में 23 अक्टूबर सुबह से ही बारिश शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग ने तटीय ओडिशा में भारी वर्षा होने की आशंका जताई है। इसके चलते राज्य के 8 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ेंः दिवाली से पहले बंगाल-ओडिशा में तूफान 'सी-तरंग' की आहट से सहमे लोग, जानें कितनी होगी रफ्तार

बंगाल में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, गंगेय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और पूर्वी मेदिनीपुर के तटीय जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 24 और 25 अक्टूबर को कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। IMD के मुताबिक 25 अक्टूबर को यह चक्रवात के पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों तक पहुंचने की संभावना है। बांग्लादेश तट पर लैंडफॉल करने से पहले तूफान 100-110 किमी प्रति घंटे की गति के साथ भयानक चक्रवात में तब्दील हो सकता है।

प.बंगाल-बांग्लादेश के तटों पर कब पहुंचेगा चक्रवात

अंडमान सागर के ऊपर बने अवदाब के एक चक्रवाती तूफान में बदलने और 25 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटों तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान 110 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर के मौसम की बात करें तो, यहां मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 27 अक्टूबर तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इस दौरान आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी। हालांकि, ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा। सुबह-शाम और रात में सर्दी के सितम में बढ़ोतरी होगी। वहीं दिल्ली में अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा और 32 से 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आस-पास रहेगा। अगले तीन दिन तक आसमान में धुंध छाए रहने की प्रबल संभावना है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.