विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update Today: दिवाली से पहले फिर बदलेगा मौसम, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, ठंड बढ़ने के आसार

By Sanjeev TiwariEdited By:
Published: Thu, 20 Oct 2022 09:24 AM (IST)Updated: Thu, 20 Oct 2022 10:59 AM (IST)

weather update today 20 october 2022 दिवाली से पहले मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। ...और पढ़ें

देश के कई राज्यो में आज भारी बारिश की संभावना जानें- दिवाली पर कैसा रहेगा मौसम
देश के कई राज्यो में आज भारी बारिश की संभावना जानें- दिवाली पर कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क: उत्तर भारत में जहां एक ओर मौसम शुष्क बना हुआ है तो वहीं दूसरी ओर दक्षिण और बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाकों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में 20 अक्टूबर को कम दवाब का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जो 21 अक्टूबर से आगे बढ़ेगा । यदि यह उत्तर की ओर बढ़ता है तो मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, कहीं कहीं बारिश भी हो सकती है।

IMD ने आज केरल तमिलनाडु सहित कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 7 राज्यों में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली की बात करें तो आज, 20 अक्टूबर 2022 को आज आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।

इन राज्यों में आज बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 20 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, अंडमान औऱ निकोबार द्वीप समूह, गोवा व महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में आज गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 7 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक तमिलनाडु और केरल में तीन दिनों तक भारी बारिश के आसार है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।

दो-तीन दिनों में बरसात के साथ बर्फबारी का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मध्य महाराष्ट्र में जहां बारिश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अगले दो-तीन दिनों में बरसात के साथ बर्फबारी होने वाली है। इसका असर पश्चिमोत्तर क्षेत्रों पर पड़ सकता है। इसका असर भी रबी की खेती पर पड़ सकता है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की बर्फबारी के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभव है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा साइक्लोन

मौसम विभाग के मुताबिक 23 या 24 अक्टूबर के आसपास पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक उष्णकटिबंधीय चक्रवात बनने की संभावना है। आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र ने एक बयान में कहा कि सोमवार को दक्षिण अंडमान सागर और पड़ोस के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic circulation) अब उत्तरी अंडमान सागर और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्व और इससे सटे पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस कारण प. बंगाल के साथ-साथ ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बन रहे समुद्री तूफान का प्रभाव उत्तरी आंध्र प्रदेश, उड़ीसा और गंगिया पश्चिम बंगाल पर दिखाई देगा। उत्तर पश्चिमी तथा मध्य भारत में मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। गुजरात तथा पश्चिमी राजस्थान में तेज धूप के साथ दिन काफी गर्म हो सकता है।

यह भी पढ़ेंः कश्मीर में बर्फबारी, बेंगलुरू में भारी बारिश, जानें- दिल्ली-NCR सहित अन्य राज्यों का हाल

बेंगलुरु में भारी बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त

बेंगलुरु में जारी भारी बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में पानी भर गया है। यहां से पानी हटने में कई दिन लगेंगे। भारी बारिश के कारण आस-पास के रिहायशी इलाकों में सड़कें जाम हो गईं हैं और पानी और बिजली की लाइनें टूट गईं हैं। कुछ कॉलोनियों में निवासियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। शहर में भारी बारिश के कारण वाहनों को खासा नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक यहां यलो अलर्ट जारी किया है। आपको बता दें कि यलो अलर्ट भारी बारिश का संकेत है।

दिल्ली में प्रदूषण का खतरा बढ़ा

दिल्ली में बारिश की गतिविधियां बंद होने के बाद से प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है। कल दिल्ली का औसत AQI 228 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। वहीं, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में भी AQI 230 दर्ज किया गया है। आज की बात करें, तो आज सुबह भी ये खराब श्रेणी में दर्ज हुआ है। दिल्ली के आनंद विहार में सुबह AQI 393 पहुंच गया है।

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहेगा। वहीं, गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया जाएगा। लखनऊ और गाजियाबाद, दोनों ही जगहों पर आसमान साफ रहने के आसार हैं।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा एक सप्ताह के मौसम का हाल, IMD ने जारी किया अपडेट