दिल्ली में आज जमकर बरसेंगे बादल, यूपी-मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट जारी; पंजाब समेत इन राज्यों का जानें हाल
पंजाब-हरियाणा के कई जिलों में आज भारी से हल्की वर्षा हो सकती है। फिर यहां से भी मानसून लौटने की गति तेज हो जाएगी। राजस्थान एवं गुजरात के कई जिलों से मानसून की विदाई हो चुकी है मगर नया मौसम तंत्र सक्रिय होने से यहां भी दो दिन वर्षा की संभावना बनी हुई है। दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की से भारी वर्षा का अनुमान है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में अब मानसून जाने वाला है लेकिन जाते जाते भी जमकर बरस रहा है। दिल्ली-एनसीआर में 18 सितंबर की रात और 19 सितंबर की सुबह तक हल्की वर्षा का अनुमान है। स्काइमेट के मुताबिक, दिल्ली से मानसून की विदाई 25 सितंबर तक होती है, किंतु नमी में कमी और पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से इस बार 20-21 सितंबर तक ही हो सकती है।
पंजाब-हरियाणा के कई जिलों में आज होगी हल्की वर्षा
पंजाब-हरियाणा के कई जिलों में भी 18-19 सितंबर को हल्की वर्षा हो सकती है। फिर यहां से भी मानसून लौटने की गति तेज हो जाएगी। राजस्थान एवं गुजरात के कई जिलों से मानसून की विदाई हो चुकी है, मगर नया मौसम तंत्र सक्रिय होने से यहां भी दो दिन वर्षा की संभावना बनी हुई है।
आज यूपी के कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
देशभर की स्थिति देखें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा के आसार हैं जो कुछ दिन जारी रहेगी। उत्तर प्रदेश के 30 जिलों के लिए मौसम विभाग ने वर्षा, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर और पूर्वी भारत में वर्षा सामान्य से अधिक रही
मानसून का यह असमान पैटर्न पूरे सीजन में देखने को मिला है। उत्तर और पूर्वी भारत में वर्षा सामान्य से अधिक रही, जबकि दक्षिणी राज्यों में यह अपेक्षा से कम दर्ज की गई। सितंबर के अंतिम पखवाड़े में भी यही प्रवृत्ति बनी रहेगी। केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी वर्षा हो सकती है।
देहरादून में एक सप्ताह में 305 प्रतिशत अधिक वर्षा
मानसून सीजन के आखिरी महीने में बीते सात दिन देहरादून पर बेहद भारी साबित हुए हैं। इस एक सप्ताह में सामान्य से 305 प्रतिशत अधिक वर्षा ने दून को पस्त कर दिया। बीते सोमवार को ही देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में वर्षा ने 24 घंटे में आल टाइम हाई का रिकॉर्ड बनाया।
वहीं, बुधवार को हरिद्वार के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा आफत बनी रही। 10 सितंबर से 17 सितंबर के बीच दून में औसत वर्षा 215 मिमी दर्ज की गई, जबकि सामान्यत: इस अवधि में सिर्फ 53 मिमी बारिश होती है।
हिमाचल में असुरक्षित भवनों में रह रहे लोग होंगे स्थानांतरित
हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रभावितों को राहत एवं पुनर्वास में तेजी लाई जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को भारी वर्षा से हुए नुकसान की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में निर्देश दिए कि असुरक्षित भवनों में रह रहे लोगों को शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। हिमाचल में इस साल मानसून सीजन में विभिन्न कारणों से 417 लोगों की मौत हुई और 45 लोग लापता हैं।
मसूरी में 3000 पर्यटक फंसे
सोमवार रात से मसूरी का संपर्क कटा है। पर्यटन विभाग के मुताबिक मसूरी में 511 पर्यटक फंसे हैं। हालांकि, होटल एसोसिएशन ने 3000 पर्यटकों के फंसे होने की बात कही है। मार्गों के अवरुद्ध होने से मसूरी में दूध, सब्जी, पेट्रोल और गैस जैसी आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। मसूरी में मौजूद दोनों पेट्रोल पंप में पेट्रोल व डीजल खत्म हो गया है। मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार बुधवार को मसूरी के होटलों व गेस्ट हाउसों में लगभग 3000 पर्यटक ठहरे हैं।
यह भी पढ़ें- अपने शहर के मौसम के बारे में जानें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।