माथे पर तिलक, आधार कार्ड की जांच... गरबा समारोहों में एंट्री के लिए VHP का फरमान; भड़की कांग्रेस
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने महाराष्ट्र और गुजरात में नवरात्र के गरबा समारोहों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने को कहा है क्योंकि गरबा देवी की पूजा का रूप है। विहिप के श्रीराज नायर ने कहा कि केवल आस्था रखने वालों को ही भाग लेने की अनुमति दी जानी चाहिए। कांग्रेस ने विहिप के इस निर्देश की आलोचना की है जबकि भाजपा ने आयोजन समितियों का समर्थन किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने महाराष्ट्र और गुजरात में हिंदुओं के पवित्र पर्व नवरात्र पर होने वाले गरबा नृत्य के समारोहों में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित करने को कहा है। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने दैनिक जागरण से बात करते हुए कहा कि गरबा सिर्फ एक नृत्य नहीं है, बल्कि देवी को प्रसन्न करने के लिए की जाने वाली पूजा का एक रूप है।
मुसलमान मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं करते। इसलिए, केवल उन्हीं लोगों को इस आयोजन में भाग लेने की अनुमति दी जानी चाहिए जो इसमें आस्था रखते हों।
एक दिन पहले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित हो रहे एक गरबा समारोह के आयोजकों ने भी गैर हिंदुओं के लिए ऐसे ही प्रतिबंध की घोषणा की है। नायर ने कहा कि मेरे नागपुर स्थित केंद्रीय कार्यालय ने गरबा आयोजकों को एडवाइजरी जारी कर उनसे प्रवेश द्वार पर सभी आगंतुकों का आधार कार्ड जांचने और उनके माथे पर तिलक लगाने को कहा है।
आयोजकों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि वह प्रतिभागियों को देवी की पूजा करने को कहें। इस बार विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता इन आयोजनों पर नजर रखेंगे। जिन लोगों को देवी में आस्था नहीं है, उन्हें इसका हिस्सा बनने से बचना चाहिए।
विहिप के निर्देश पर भड़की कांग्रेस
विहिप के इस निर्देश पर कांग्रेस भड़क गई है। प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पूर्व मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा है कि विहिप समाज में आग लगाना चाहती है। वह धर्म के नाम पर समाज को बांटकर इसका राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है। विहिप ने जो कहा है, इसमें कोई नई बात नहीं है। इसका गठन ही देश को अस्थिर करने के उद्देश्य से हुआ है। उन्होंने कहा कि विहिप जैसे संगठनों का ऐसा रुख भारत की विविधता में एकता की बुनियाद को हिला देता है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार के रुख का भी पता चलता है।
दूसरे धर्म के लोगों को गरबा और देवी की पूजा में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए : भाजपा
भाजपा के वरिष्ठ मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने विहिप के निर्देशों का समर्थन करते हुए कहा है कि यदि आयोजन समिति अपने कार्यक्रम पुलिस की अनुमति से कर रही है तो उसे प्रवेश के नियम तय करने का अधिकार है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने भी कहा है कि दूसरे धर्मों के लोगों को हिंदुओं द्वारा गरबा करने और देवी की पूजा करने में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। हम देवी की पूजा करते हैं। वह हमारी मां के समान हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।