नहीं रहे 111 वर्षीय लिंगायत धर्मगुरू और सिद्धगंगा मठ के महंत शिवकुमार स्वामी
Shivakumara Swamiji कर्नाटक के तुमकुरू स्थित सिद्धगंगा मठ के महंत श्री शिवकुमार स्वामी का सोमवार को स्वर्गवास हो गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार थे।
बेंगलुरु, एएनआइ। लिंगायत समुदाय के धर्मगुरू और कर्नाटक के तुमकुरू स्थित सिद्धगंगा मठ के महंत श्री शिवकुमार स्वामी ( Shivakumara Swamiji) का सोमवार को निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार थे। तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
स्वामी जी के निधन की सूचना देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा, स्वामी जी का 11.44 मिनट पर निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार कल दोपहर बाद साढ़े चार बजे होगा।'
महंत श्री शिवकुमार स्वामी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा, 'वे जीवित भगवान थे, देश के लिए उनकी सेवा का बखान शब्दों में नहीं किया जा सकता। उनका निधन देश के सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक क्षेत्र के लिए भारी क्षति है।'
तीन दिन का शोक और एक दिन की छुट्टी घोषित
मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने धर्मगुरू के निधन पर प्रदेश में तीन का राजकीय शोक घोषित किया है, जिसमें से एक दिन की छुट्टी भी शामिल है। सरकार ने ये आदेश प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालयों के लिए जारी किए हैं।
PM मोदी, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने शोक जताया
महंत श्री शिवकुमार स्वामी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, 'महंत श्री शिवकुमार स्वामी जी लोगों के लिए जीये, विशेष रूप से गरीब और कमजोर लोगों के लिए। उन्होंने खुद को गरीबी, भुखमरी और सामाजिक अन्याय जैसी बीमारियों को कम करने के लिए समर्पित किया।'
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुख व्यक्त करते हुए लिखा 'सिद्धगंगा मठ के महंत शिवकुमार स्वामी जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। स्वामी जी सभी धर्मों और समुदायों के करोड़ों भारतीयों के प्रति आदर और सम्मान करते थे। उनके सभी अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदना।'
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदुयुरप्पा ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'राष्ट्र ने एक महान हस्ती खो दी है। उनका जाना एक बड़ा नुकसान है। उन्होंने वह पूरा जीवन जिया जो इतिहास में अद्वितीय है। वह 90 साल तक काम करते रहे।'
गौरतलब है कर्नाटक की राजनीति में सिद्धगंगा मठ और यहां के महंत श्री शिवकुमार स्वामी का काफी प्रभाव रहता है। यहां तक की पीएम मोदी से लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गांधी परिवार तक सभी उनका सम्मान करते थे।
कौन थे महंत डॉ. शिवकुमार स्वामी?
- कर्नाटक के तुमकुरु में स्थित सिद्धगंगा मठ के महंत थे डॉ शिवकुमार स्वामी।
- वे लिंगायत समुदाय के प्रमुख धर्मगुरु हैं।
- कर्नाटक में सबसे अधिक दबदबे वाले लिंगायत समुदाय की संख्या 18 फीसद हैं।
- इसी समुदाय का मुख्य मठ सिद्धगंगा है, जो बेंगलूरू से लगभग 80 किलोमीटर दूर तुमकुरु में स्थित है।
- कर्नाटक से लेकर केंद्र की राजनीति पर इस मठ का काफी प्रभाव रहा है।