विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 27, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मध्य प्रदेश में बड़ा हादसा, इंजन में खराबी से गिरा प्रशिक्षण विमान, मुख्य पायलट सहित तीन लोग थे सवार

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By:
Published: Sat, 27 Mar 2021 08:39 PM (IST)Updated: Sat, 27 Mar 2021 08:43 PM (IST)

Training Aircraft Collapsed in Madhya Pradesh शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पिनेकल एयर के सेशना सीजी-2 प्रशिक्षण विमान ने ...और पढ़ें

खेत में जा गिरा प्रशिक्षण विमान ।
खेत में जा गिरा प्रशिक्षण विमान ।

भोपाल, जेएनएन। भोपाल से गुना जा रहे एक प्रशिक्षण विमान के इंजन में शनिवार को अचानक खराबी आ गई। विमान को जब तक वापस एयरपोर्ट के रनवे तक लाया जाता, इंजन बंद हो गया और विमान खेत में जा गिरा। विमान में मुख्य पायलट सहित तीन पायलट सवार थे। संयोग से विमान बीच से क्रैश हुआ और तीनों की जान बच गई।

शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पिनेकल एयर के सेशना सीजी-2 प्रशिक्षण विमान ने भोपाल एयरपोर्ट से उड़ान भरी। इसमें मुख्य पायलट अश्विनी शर्मा के साथ ट्रेनी पायलट राजकुमार एवं सम्मी सवार थे। टेकऑफ के 10 मिनट बाद ही पायलट ने एटीसी से संपर्क कर कहा कि इंजन से असामान्य आवाज आ रही है, हमें इमरजेंसी लैंडिंग करनी होगी।

एटीसी और विमान के बीच टूटा संपर्क

इस पर एटीसी ने तत्काल एयरपोर्ट फायर एवं सुरक्षा बलों को सतर्क रहने को कहा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इमरजेंसी लैंडिंग के पूरे प्रबंध कर लिए। इसी बीच विमान में सवार चालक दल ने खतरे का सिग्नल देते हुए एटीसी को बताया विमान का इंजन बंद हो गया है। इसके बाद एटीसी और विमान का संपर्क टूट गया। थोड़ी ही देर में पता चल गया कि बिशनखेड़ी गांव के एक खेत में विमान क्रैश हो गया है।

बचाव दल जब मौके पर पहुंचे तो तीनों पायलट उसमें ही फंसे हुए थे। तीनों को निकाला तो केवल मामूली चोटें आई थीं। बीच से हुआ क्षतिग्रस्त आमतौर पर विमान क्रैश होते ही उसमें आग लग जाती है लेकिन संयोग से इसमें आग नहीं लगी। विमान के बीच का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ और यह लगभग दो टुकड़ों में बंट गया। विमान चालक दल वाले अगले हिस्से से विमान क्षतिग्रस्त होता तो तीनों की जान जा सकती थी।

डीजीसीएस करेगा जांच

विमान किन परिस्थितियों में क्रैश हुआ इसकी जांच डीजीसीए करेगी। एयरपोर्ट अथारिटी ने प्राथमिक रिपोर्ट डीजीसीए को सौंपने की तैयारी की है। प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी खराबी होने की बात सामने आई है।

हमने इमरजेंसी लैंडिंग की तैयारी की थी

एयरपोर्ट के डायरेक्टर अनिल विक्रम ने बताया कि विमान भोपाल एयरपोर्ट से रवाना हुआ था। कुछ समय बाद ही खराबी की सूचना मिली। हमने इमरजेंसी लैंडिंग की तैयारी की थी, लेकिन रन-वे तक आने से पहले ही विमान खेत में जा गिरा। तीनों पायलट सुरक्षित हैं। डीजीसीए ही पूरे मामले की जांच करता है।