Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Fort Knox: इस इमारत में रखा है दुनिया का सबसे बड़ा खजाना, अमेरिकी राष्ट्रपति को भी नहीं मिलती आसानी से एंट्री

    By Babli KumariEdited By: Babli Kumari
    Updated: Mon, 15 May 2023 03:32 PM (IST)

    दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के पास सोने का विशाल भंडार है जो केंटुकी के फोर्ट नॉक्स में है। इसकी सुरक्षा व्हाइट हाउस से भी तगड़ी और इतनी सख्त है कि अमेरिकी राष्ट्रपति को भी मुश्किल से ही एंट्री मिलती है। यहां अन्य कई मूल्यवान चीजें भी रखी हैं।

    Hero Image
    यह स्थान है अमेरिका के केंटुकी में स्थित डिपॉजिटरी - फोर्ट नॉक्स... (जागरण ग्राफिक्स)

    नई दिल्ली, जागरण डेस्क। आपने कभी सोचा है कि दुनिया का सबसे सुरक्षित स्थान कौन-सा है? शायद आप कहें कि दुनिया में किसी देश के प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति का भवन ही इस धरती पर सबसे सुरक्षित इमारतों में से एक होगा। लेकिन एक स्थान ऐसा भी है, जो न ही किसी प्रधानमंत्री का घर है और न ही किसी राष्ट्रपति का भवन, लेकिन फिर भी इतना सुरक्षित है कि वहां कोई परिंदा भी पर नहीं मार सकता। यह स्थान है अमेरिका के केंटुकी में स्थित डिपॉजिटरी - फोर्ट नॉक्स...

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह स्थान सिर्फ अपने हाई-सिक्योरिटी इंतजामों के लिए ही नहीं जाना जाता, बल्कि यह सोने के सबसे बड़े भंडार के रूप में भी जाना जाता है। हम सभी जानते हैं कि सोना कितनी मूल्यवान धातु है और हम इसे सबसे सुरक्षित स्थान पर संभाल कर रखते हैं। हम इसे तिजोरी में बंद कर सबकी नजरों से बचा कर इसको संजोते हैं। इतने सुरक्षित तरीके से रखने पर भी हम चिंता में रहते हैं कि हमारा सोना या मूल्यवान वस्तु सुरक्षित है या नहीं। लेकिन, दुनिया में एक जगह ऐसी है जहां सबसे मूल्यवान चीजों को रख कर जीवन भर के लिए निश्चिंत रहा जा सकता है...और वो जगह है अमेरिका का फोर्ट नॉक्स वॉल्ट।

    आप चाहें इसे इमारत कहें, या तिजोरी, या फिर इसे बंकर कहें...यह अमेरिकी सरकार के खजाने और गोल्ड रिजर्व को इतना संभाल कर रखता है कि पूरी दुनिया में अपनी सख्त सुरक्षा के लिए मशहूर है।

     ज्यादातर  अमेरिकी नहीं जानते फोर्ट नॉक्स के बारे में 

    कोई नहीं जानता है कि फोर्ट नॉक्स के अंदर क्या है? यहां तक कि ज्यादातर अमेरिकी जनता भी किताबों, इतिहास की कक्षाओं और टीवी शो के माध्यम से सिर्फ यही जानती है कि फोर्ट नॉक्स को विशाल गोल्ड रिजर्व रखने के लिए बनाया गया था। यह सबसे भारी सुरक्षा वाला एक सैन्य अड्डा है और दुनिया के सबसे सुरक्षित स्थानों में से एक है। तो आइए जानते हैं इसके बारे में...

    इस इमारत को फोर्ट नॉक्स के नाम से जाना जाता है। असल में फोर्ट नॉक्स अमेरिकी आर्मी की एक पोस्ट है, जो केंटुकी राज्य में है और यह एक लाख नौ हजार एकड़ में फैला हुआ है। इसे दुनिया की सबसे सुरक्षित इमारतों में से एक माना जाता है। फोर्ट नॉक्स लुइसविले से लगभग 40 मील दक्षिण-पश्चिम में केंटुकी में स्थित अमेरिकी सेना की एक पोस्ट है। इसे पहली बार 1918 में प्रथम विश्व युद्ध के दौरान एक प्रशिक्षण स्थल के रूप में स्थापित किया गया था और बाद में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सोने के भंडार और अन्य मूल्यवान वस्तुओं के भंडारण स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा।

    वर्ष 1936 में, अमेरिका में खजाने को सुरक्षित रखने के लिए और गोल्ड रिजर्व को स्टोर करने के लिए फोर्ट नॉक्स में एक भूमिगत तिजोरी का निर्माण शुरू किया गया। यह विशाल तिजोरी 1937 में बनकर तैयार हुई और तब से यह अमेरिकी धन और शक्ति का एक प्रतिष्ठित प्रतीक बन गई है।

    फोर्ट नॉक्स की तिजोरी दुनिया के सबसे सुरक्षित स्थानों में से एक है और इसके भीतर जमा सोने के भंडार के लिए कई सुरक्षा उपायों की परतें हैं। यह वॉल्ट अत्यंत मजबूत स्टील और कंक्रीट से बना है, और इसकी दीवारों और छत को स्टील प्लेटों के साथ बनाया गया है ताकि किसी भी तरह के ब्रेक-इन या हमलों को रोका जा सके। यहां हर समय ड्यूटी पर कई सशस्त्र गार्ड होते हैं और तिजोरी तक सिर्फ अधिकृत सुरक्षाकर्मियों की ही पहुंच होती है।

    कैसे बनी है बिल्डिंग

    फोर्ट नॉक्स वैसे कोई एक इमारत नहीं, बल्कि केंटुकी का एक मिलिट्री बेस है, जो काफी लंबा-चौड़ा है। यह बेस 109,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है और कैंपस के भीतर अलग-अलग कई इमारतें हैं, जिनमें आर्मी वाले और उनके परिवार रहते हैं। ये वे लोग हैं जिनपर गोल्ड रिजर्व की सुरक्षा का जिम्मा है। यहीं एक इमारत के भीतर वो तिजोरी है, जिसमें सोने का विशाल भंडार रखा हुआ है। ये बिल्डिंग लगभग 16 हजार क्यूबिक फीट ग्रेनाइट और साढ़े 4 हजार यार्ड्स कंक्रीट से बनी हुई है, जिसमें हजारों टन स्टील का इस्तेमाल हुआ है। यह तिजोरी 27 इंच मोटी कंक्रीट और स्टील द्वारा संरक्षित है और परमाणु बम के हमले का सामना करने में भी सक्षम है।

    गोल्ड भंडार से लेकर संविधान की असल कॉपी तक रखी है यहां

    फोर्ट नॉक्स के गोल्ड रिजर्व में करीब 42 लाख किलो सोना रखा हुआ है। इसके अलावा यहां अमरीकी स्वतंत्रता का असली घोषणा पत्र, गुटेनबर्ग की बाइबिल और अमरीकी संविधान की असली कॉपी जैसी अतिमहत्वपूर्ण चीजें भी मौजूद हैं। इसमें 22 टन वजन के दरवाजे लगे हैं। स्टाफ के 10 अलग-अलग लोगों के कॉम्बिनेशन कोड से इस दरवाजे को लॉक किया गया है। हर स्टाफ को अपने कोड के अलावा दूसरे स्टाफ मेंबर के कोड की जानकारी कभी नहीं होती।

    इस रूप में रखा है गोल्ड

    फोर्ट नॉक्स में सोना बार के फॉर्म में रखा हुआ है, जिसे बुलियन भी कहते हैं। ये 99.5% शुद्ध सोना है। हरेक बार का वजन लगभग साढ़े 12 किलो या 27.5 पाउंड है और यह अमेरिकी मिंट मानको के अनुरूप 7 इंच लंबा और 3.5 इंच चौड़ा है। निश्चित वजन और आकार के पैमाने पर आधारित इन बार को पूरी तरह से शुद्ध सोना माना जाता है। लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन (LBMA) ने शुद्ध सोने का ये स्टैंडर्ड बनाया था, जिसे अमेरिका भी मानता है।