अदालतों में गोलीबारी की घटनाओं पर SC ने जताई चिंता, देशभर के कोर्ट परिसरों में सुरक्षा बढ़ाने का दिया निर्देश
दिल्ली की अदालतों में गोलीबारी की हालिया घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने देशभर के प्रत्येक न्यायिक परिसर में स्थायी अदालत सुरक्षा इकाइयों (सीएसयू) की तैनाती सहित एक सुरक्षा योजना की आवश्यकता पर जोर दिया है।शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसी घटनाएं न केवल न्यायाधीशों बल्कि वकीलों अदालत के कर्मचारियों वादियों और आम जनता की सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न करती हैं।
नई दिल्ली, पीटीआई। दिल्ली की अदालतों में गोलीबारी की हालिया घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने देशभर के प्रत्येक न्यायिक परिसर में स्थायी अदालत सुरक्षा इकाइयों (सीएसयू) की तैनाती सहित एक सुरक्षा योजना की आवश्यकता पर जोर दिया है।
अदालत परिसर में सुरक्षा मजबूत करने का निर्देश जारी
शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसी घटनाएं न केवल न्यायाधीशों बल्कि वकीलों, अदालत के कर्मचारियों, वादियों और आम जनता की सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न करती हैं। न्यायालय ने अदालत परिसर में सुरक्षा मजबूत करने के लिए कई निर्देश जारी किए। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि एक ऐसे स्थान के रूप में अदालत की पवित्रता को बनाए रखने से कोई समझौता नहीं किया जा सकता है, जहां न्याय किया जाता है और कानून के शासन को बरकरार रखा जाता है।
व्यापक कदम उठाएं न्यायिक संस्थान
जस्टिस एस रवींद्र भट और दीपांकर दत्ता की पीठ ने कहा कि यह जरूरी है कि न्यायिक संस्थान सभी पक्षकारों की भलाई के लिए व्यापक कदम उठाएं। पीठ ने कहा कि न्याय के मंदिरों में आने वाले वादियों के लिए क्या उम्मीदें कमजोर नहीं होंगी, अगर न्यायिक परिसर में ही सुरक्षा का अभाव है? जब न्याय प्रदान करने वाले लोग ही असुरक्षित होंगे तो वादी अपने लिए न्याय की क्या उम्मीद कर सकते हैं?
दिल्ली के अदालत परिसर में हुई घटना का किया जिक्र
पीठ ने कहा कि यह भयावह है कि राष्ट्रीय राजधानी के अदालत परिसर में ही पिछले एक साल में गोलीबारी की कम से कम तीन बड़ी घटनाएं हुई हैं। यह महत्वपूर्ण है कि न्यायिक संस्थान सभी पक्षकारों की भलाई के लिए व्यापक कदम उठाएं।
कई अदालतों में हुई गोलीबारी की घटना
मालूम हो कि हाल के दिनों में दिल्ली के कई अदालत परिसरों में गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। इस साल जुलाई में तीस हजारी कोर्ट में वकीलों के दो गुटों के बीच तीखी बहस के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई थी।
2021 में रोहिणी अदालत परिसर में हुई थी गोलीबारी
अप्रैल में रोहिणी अदालत परिसर में वकीलों और उनके मुवक्किलों के बीच विवाद के बाद गोलीबारी की घटना हुई थी। उसी महीने साकेत अदालत परिसर में वकील ने एक महिला को गोली मार दी थी। कुख्यात गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की सितंबर 2021 में रोहिणी अदालत परिसर में दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसके हत्यारों को दिल्ली पुलिस ने परिसर में ही मार गिराया था।