यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एन कादरी ने फिर मांगा बलूचिस्तान की आजादी के लिए भारत का समर्थन
वर्ल्ड बलूच वूमेन फोरम की अध्यक्ष प्रोफेसर एन कादरी ने एक बार फिर से भारत से बलूचिस्तान में चल रही आजादी की लड़ाई को समर्थन देने की अपील की है।

नई दिल्ली। वर्ल्ड बलूच वूमेन फोरम की अध्यक्ष प्रोफेसर एन कादरी ने एक बार फिर से भारत से बलूचिस्तान में चल रही आजादी की लड़ाई को समर्थन देने की अपील की है। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि यह भारत के खिलाफ एकजुट हो रहे पाक और चीन के बीच के बीच बढ़ रही साझेदारी को खत्म करने के लिए भी बेहद जरूरी है।
कादरी ने कहा कि भारत को इस मामले में वैसे ही रुख इख्तियार करना चाहिए जैसा उसने वर्ष 1971 में बांग्लादेश को पाकिस्तान से आजाद कराने के लिए चुना था। पहले यह बांग्लादेश के लिए था और अब यह बलूचिस्तान के लिए होना चाहिए। उन्होंने यह बातें एक समाचार एजेंसी से इंटरव्यू के दौरान की हैं। यह पहला मौका नहीं है जब कादरी ने बलूचिस्तान के लिए भारत का समर्थन मांगा हो। इससे पहले भी उन्होंने भारत से बलूच के लिए समर्थन मांगा था।
उन्होंने बलूचिस्तान को पाकिस्तान का हिस्सा मानने से इंकार कर दिया है। उनका कहना था कि बलूचिस्तान पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है, बल्कि पाकिस्तान ने जबरदस्ती बलूच पर कब्जा किया हुआ है। उन्होंने भारत से भी इस मुद्दे पर उनके साथ आने की अपील की थी। कादरी का कहना था भारत को बलूचिस्तान के लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए और पाकिस्तान को यहां के लोगों का दमन करने से रोकना चाहिए।
