गांव में स्वच्छता और विकास कार्य के लिए फैलाया जागरुकता
बात हो रही है सीतामढ़ी, बिहार के सोनबरसा प्रखंड की सिंहवाहिनी ग्राम पंचायत की। इस पंचायत में कुल छह गांव हैं। जिनमें विकास की धारा बह चली है।
सीतामढ़ी (रविकांत)। अब यहां के हर घर में शौचालय है और इनका उपयोग भी होता है। ऊबड़खाबड़ पगडंडी की जगह साफ सुथरी पक्की सड़कें हैं। बच्चे- बच्चियां अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढ़ते हैं। ग्रामीणजन स्वास्थ्य, शिक्षा और अपने अधिकारों को लेकर सजग हैं। एक सुशिक्षित महिला की ऊंची सोच और कड़ी मेहनत से यह बदलाव सिर्फ एक साल में संभव हो गया। बात हो रही है सीतामढ़ी, बिहार के सोनबरसा प्रखंड की सिंहवाहिनी ग्राम पंचायत की। इस पंचायत में कुल छह गांव हैं। जिनमें विकास की धारा बह चली है। मुखिया रितु जायसवाल को अपने दायित्वों की पूर्ति के लिए ‘उच्च शिक्षित आदर्श युवा सरपंच’ के रूप में पुरस्कृत किया गया है।
17 साल पहले बहू बनकर आई थीं : दिल्ली में पली-बढ़ीं रितु ने इकोनॉमिक्स में बीए किया है। 17 साल पहले उनकी शादी इसी पंचायत के नरकटिया गांव में हुई थी। पति अरुण जायसवाल केंद्रीय सेवा में उच्च अधिकारी हैं। रितु जब भी ससुराल आतीं तो गांव में गंदगी, अशिक्षा, बीमारियों और पिछड़ेपन को देख काफी आहत होतीं। वे लोगों को जागरूक करने का काम करतीं। यह सिलसिला यूं ही चलता रहा। 2016 में ग्रामीणों के आग्रह पर वे पंचायत चुनाव में खड़ी हुईं और भारी मतों से जीतीं। रितु ने गांव में अंग्रेजी माध्यम के स्कूल की शुरुआत की। इस प्राइमरी स्कूल में छह गांव के दो सौ से अधिक बच्चे नि:शुल्क पढ़ते हैं।
सड़क, बिजली, शौचालय : रितु ने सड़क, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए बहुत दौड़धूप
की। असर यह हुआ कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत छह किमी लंबी सड़क आठ माह में बन गई। वहीं, हर घर में अब बिजली आ चुकी है। पहले प्राय: सभी लोग खुले में शौच को जाते थे। अब हर घर में शौचालय है।
स्वास्थ्य जागरूकता : गरीबों के बच्चे अकसर बीमार पड़ जाते थे। इसके लिए मुखिया ने स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया। बीमारी की दूसरी बड़ी वजह यहां के भूजल स्तर का बेहद उथला होना था। रितु ने 21 नए पंप लगवाए है।
कमाल का जज्बा
इस इलाके में पिछले दिनों जब बाढ़ ने कहर ढाया, तो रितु ने ग्रामीणों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर लोगों का दिल जीत लिया। ग्रामीण बताते हैं कि रितु को ट्रैक्टर चलाना भी खूब आता है। साधनहीन गरीब किसानों की वे खेत जोतने में मदद करती हैं। यहां तक कि दुरूह इलाकोंमें स्वयं बाइक चलाकर पहुंच जाती हैं। कई स्वयंसेवी संस्थाएं यहां काम करने को राजी हो गई हैं। आंगनबाड़ी, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं में भ्रष्टाचार से आहत हूं। जितना पैसा आता है, उसका सही उपयोग नहीं हो रहा है।- रितु जायसवाल, मुखिया, सिंहवाहिनी
यह भी पढ़ें : थारू जनजाति के लिए वरदान से कम नहीं है यह शक्तिपीठ
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।