Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नागरिकता कानून को लेकर उत्‍तर भारत में कहां क्‍या हुआ, कैसे रहे हालात

    By Arun Kumar SinghEdited By:
    Updated: Mon, 23 Dec 2019 06:33 AM (IST)

    नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध के नाम पर हुई हिंसात्मक घटनाओं में पुलिस-प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद काफी हद तक हालात सुधर गए हैं।

    नागरिकता कानून को लेकर उत्‍तर भारत में कहां क्‍या हुआ, कैसे रहे हालात

    नई दिल्ली, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध के नाम पर हुई हिंसात्मक घटनाओं में पुलिस-प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद काफी हद तक हालात सुधर गए हैं। उत्तर प्रदेश में रविवार को कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार देखा गया। दिल्ली में भी हिंसक घटनाएं नहीं हुई। बिहार सहित अन्य राज्यों में भी माहौल आमतौर से शांत रहा। इस बीच उप्र सहित कई स्थानों पर उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हुई है। शनिवार को बिहार बंद के दौरान हुए उपद्रव में राजद नेता तेजस्वी यादव, जगदानंद और अब्दुल बारी सहित 27 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि पटना के ही फुलवारीशरीफ में हुई हिंसा मामले में भी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने तीन महिलाओं सहित 40 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्‍ती

    उप्र में शासन ने स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है। लखनऊ और आसपास के जिलों में रविवार को शांति रही। पुलिस प्रशासन उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्ती बरत रहा है। मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बागपत में हालात सामान्य रहे। सहारनपुर के देवबंद में कांग्रेस के पूर्व विधायक (अब सपा में) माविया अली ने ईदगाह मैदान में बिना अनुमति महापंचायत कर धरना दिया। यहां पर 313 लोगों ने गिरफ्तारी दी। बागपत में अग्रवाल मंडी टटीरी में फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड करने पर पुलिस ने सपा के युवजन सभा के पूर्व नगर अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ निवासी पट्टी मुंडाला कस्बा खेकड़ा को गिरफ्तार कर लिया।

    अलीगढ़ में शनिवार रात 12 बजे से इंटरनेट सेवा चालू कर दी गई। एएमयू में छात्राओं का बाबे सैयद पर शाम तक धरना जारी रहा। फिरोजाबाद में शनिवार रात नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुई फायरिंग के बाद रविवार को अफवाहें फैलती रहीं। इसके चलते तनाव बना रहा, मगर रविवार सुबह अघोषित बंद के बीच दिन शांति से गुजर गया। आगरा में सोमवार शाम तक बंद इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। संभल में हजारों की संख्या में महिलाओं ने सभा की। सीएए को वापस लेने के लिए एसडीएम और सीओ को ज्ञापन सौंपा।  

    रामपुर में हुए बवाल में 118 नामजद में से 50 उपद्रवी गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि सपा से जुड़े जिया अहमद के पास से 15 तमंचे और एक पिस्टल बरामद हुई है। उसके साथी फैजान को भी गिरफ्तार किया गया है। अमरोहा में बवाल करने वालों के फोटो पुलिस ने जगह-जगह चस्पा कर दिए हैं। वाराणसी में इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई, हालांकि आजमगढ़ और मऊ में अब भी ठप है। इस बीच कानपुर में एक और घायल ने दम तोड़ दिया। यहां मरने वालों की संख्या अब तीन हो चुकी है। अब तक सूबे में मरने वालों की संख्या 19 हो चुकी है। यहां गिरफ्तार किए गए सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी और पूर्व विधायक कमलेश दिवाकर को शनिवार देर रात जमानत पर छोड़ दिया गया।

    योगी सरकार की कार्रवाई

    -कुल 164 मुकदमे दर्जकर 879 आरोपितों को गिरफ्तार

    -5312 लोगों को हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई

    -हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं में 288 पुलिसकर्मी घायल

    -61 पुलिसकर्मी फायर आर्म्‍स से घायल

    -647 कारतूस के खोखे, 69 जिंदा कारतूस और 35 अवैध तमंचे बरामद

    -सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले 108 गिरफ्तार

    -कुल 15344 पोस्ट को संज्ञान में लेकर हो रही विधिक कार्रवाई

     

    comedy show banner