Move to Jagran APP

टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

यहां पर दस बड़ी खबरें दी जा रही हैं, जिन पर आज हमारी नजर बनी हुई है।

By Manoj YadavEdited By: Published: Sat, 17 Mar 2018 08:57 AM (IST)Updated: Sat, 17 Mar 2018 10:13 AM (IST)
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें,  आज जिन पर बनी हुई है नज़र
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

1- ताजा खबर- गोरखपुर समेत 16 जिलों के डीएम बदले, पांच मण्डलायुक्त के भी तबादले

loksabha election banner

लखनऊ। गोरखपुर और फूलपुर संसदीय सीटों के उपचुनाव में भाजपा की हार और सरकार की किरकिरी के बाद शासन ने शुक्रवार देर रात 37 आइएएस अफसरों के तबादले कर दिये। इन तबादलों के जरिये पांच मंडलों में नए आयुक्त और 16 जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात किये गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संसदीय क्षेत्र रहे गोरखपुर में मतगणना के दौरान कथित धांधली को लेकर विपक्षी दलों के निशाने पर आये जिलाधिकारी राजीव रौतेला को देवीपाटन मंडल का आयुक्त बनाया गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद प्रतीक्षारत वरिष्ठ आइएएस अफसर राजीव कपूर को अध्यक्ष पिकप के पद पर तैनाती दी गई हैै। इन्वेस्टर्स समिट के परिप्रेक्ष्य में उद्योग विभाग में भी बड़े बदलाव हुए हैं। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त डॉ.अनूप चंद्र पांडेय को औद्योगिक विकास व एनआरआइ विभागों के अपर मुख्य सचिव का दायित्व सौंपा गया है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

2- कांग्रेस प्लेनरी सत्र में रॉफेल को लेकर भी एनडीए पर होगा वार

नई दिल्ली। कांग्रेस के प्लेनरी सत्र में एनडीए सरकार किसानों और अर्थव्यवस्था पर ही नहीं भ्रष्टाचार को लेकर भी निशाने पर होगी। भाजपा-एनडीए की भ्रष्टाचार पर सियासी घेरेबंदी के लिए पार्टी राफेल जेट विमान खरीद सौदे में गड़बड़ी का मसला सबसे प्रमुखता से उठाएगी। शनिवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय प्लेनरी सत्र से संबंधित स्टियरिंग कमिटी की शुक्रवार को हुई बैठक से ठीक पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे में 36000 करोड रुपये का घपला होने का आरोप लगाकर पार्टी के इरादों को जाहिर कर दिया है। कांग्रेस प्लेनरी सत्र में पारित किये जाने वाले चार अहम प्रस्तावों को राहुल गांधी की अध्यक्षता में स्टियरिंग कमिटी में अंतिम मंजूरी दे दी गई।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

3- तेजस्वी का बड़ा बयान- केंद्र का विरोध करने में अक्षम हैं तो हमें समर्थन करें नीतीश

पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि आज केंद्र और राज्य, दोनों में ही एनडीए की सरकार है। अब भला विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए एनडीए की केंद्र सरकार की दृष्टि में क्या राजनीतिक अड़चन है ? अब नीतीश कुमार बिहार की जनता को क्या बताएंगे? तेजस्वी ने कहा कि इसका मतलब ये हुआ कि क्या जदयू की अपनी कोई राजनीति नहीं रह गई है जो बीजेपी का सैद्धांतिक रूप से भी विरोध नहीं कर सकती? नीतीश कुमार बिहार को विशेष राज्य की हमारी मांग का संसद में समर्थन क्यों नहीं कर रहे? बिहार का विशेष राज्य का हक़ बेचने का अधिकार नीतीश जी को किसने दिया?

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

4- दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति पर चलेगा भ्रष्टाचार का मामला, पहले देना पड़ा था इस्तीफा

प्रिटोरिया। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला चलेगा। इसी आरोप के कारण जुमा को पद से हाथ धोना पड़ा। यह जानकारी शुक्रवार को देश के मुख्य अभियोजक ने दी। दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद समाप्त होने के बाद के समय में यह फैसला एक नया मोड़ है। 1990 में पांच अरब डॉलर के हथियार सौदे पर हस्ताक्षर करने के बाद दक्षिण अफ्रीका का लोकतांत्रिक नेतृत्व जिस मामले में घिर गया उसमें यह फैसला एक नया मोड़ है। लोक अभियोजन के राष्ट्रीय निदेशक शाउन आब्राहम ने प्रीटोरिया में कहा, 'मामले पर विचार करने के बाद मेरा मानना है कि अभियोग में सूचीबद्ध आरोपों पर जुमा के खिलाफ सफल अभियोजन की पर्याप्त संभावना है।' पूर्व राष्ट्रपति को धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और जालसाजी के आरोपों का सामना करना होगा। दोष सिद्ध होने पर उन्हें कड़ी सजा सुनाई जा सकती है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

5- स्वास्थ्य मंत्री का अजीबोगरीब बयान, सिर्फ महिला ही बता सकती है कि उसका पति नपुंसक है या नहीं

भोपाल। मप्र में कांग्रेस विधायक सुंदरलाल तिवारी के नपुंसकता से जुड़े सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह ने विधानसभा परिसर में अजीबोगरीब बयान दिया है। तिवारी ने विधानसभा में सवाल पूछा था कि प्रदेश के पुरुषों में शुक्राणुओं की संख्या में कमी और बढ़ रही नपुंसकता में सुधार के लिए राज्य सरकार क्या प्रयास कर रही है? तिवारी के सवाल पर रुस्तम सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सिर्फ महिला ही बता सकती है कि उसका पति नपुंसक है या नहीं। सरकार इसकी जानकारी नहीं दे सकती। रुस्तम सिंह ने यह भी कहा कि कोई भी पुरुष यह सार्वजनिक नहीं करेगा कि वह नपुंसक है। रुस्तम सिंह ने कहा कि नपुंसकता को रोकने के लिए सरकार की कोई योजना नहीं है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

6- राजस्थान के राज्यपाल कल्‍याण सिंह का भाजपा पर तंज- जनता खुश तो बेड़ापार, नाराज तो बंटाधार

लखनऊ (जासं)। उत्‍तर प्रदेश की दो लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को मिली हार को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने तंज कसा। संवैधानिक पद की गरिमा के कारण वह खुलकर तो नहीं बोले, लेकिन यह जरूर कहा कि आप इशारा समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में जब दूसरों को सम्मान देना बंद कर दिया जाता है तो पार्टी का सत्यानाश हो जाता है। अहंकार आने के बाद बर्बादी शुरू हो जाती है। यह जनता है जो यदि खुश है तो बेड़ापार और नाराज हुई तो बंटाधार हो जाता है। दो माल एवेन्यू स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित लोधी समाज के होली मिलन समारोह के दौरान कल्याण सिंह के तेवर बहुत आक्रामक दिखे। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव कभी भी हो सकता है। लोकसभा और विधान सभा चुनाव एक साथ होंगे। समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शक्ति का प्रदुर्भाव करना आवश्यक है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

7- आक्रामक हुए शमी कहा- साल भर में की डेढ़ करोड़ की शापिंग तो दहेज पीड़िता कैसे हुईं हसीन

अमरोहा। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुहम्मद शमी का रुख भी अब आक्रामक हो गया है। उन्होंने पत्नी हसीन जहां की ओर से लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए कानूनी लड़ाई लडऩे का फैसला किया है। पत्नी की ओर से लगाए गए दहेज उत्पीडऩ के आरोप का जवाब देते हुए कहा कि हसीन ने सालभर में मेरे क्रेडिट कार्ड से डेढ़ करोड़ रुपये की शॉपिंग की है। ऐसे में वह दहेज पीडि़ता कैसे हो गईं? हसीन झूठी हैं और आरोप लगाना उनकी आदत है। तीन साल के भीतर वह तीन हजार लोगों पर आरोप लगा चुकी हैं। घर में काम करने वाले नौकर पर भी आरोप लगा दिया था। पत्नी हसीन के संगीन आरोपों से घिरे शमी 10 दिन बाद प्रकरण को लेकर आक्रामक दिखे। गुरुवार को उन्होंने फोन पर दैनिक जागरण के साथ कई बातें साझा कीं। कहा कि पत्नी के कहने पर कोलकाता में उनके नाम मकान लेकर दिया, दो कार उनके पास है। हसीन सारी शॉपिंग आज भी मेरे ही क्रेडिट कार्ड से करती हैं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

8- एक महीने के निचले स्तर पर सोना, जानिए क्या रहे 10 ग्राम गोल्ड के नए दाम

नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक संकेत और घरेलू ज्वैलर्स की ओर से घटी मांग के चलते शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई है। सोना 200 रुपए टूटकर 31250 रुपए प्रति 10 ग्राम के एक महीने के निचले स्तर पर आ गया है। इसी तरह चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। चांदी 150 रुपए कमजोर होकर 39250 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। चांदी की कीमतों में गिरावट इंडस्ट्रीयल यूनिट्स और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के चलते देखने को मिली है। व्यापारियों का मानना है कि घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय ज्वलैर्स और रिटेलर्स की ओर से घटी मांग के कारण सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। इसके अलावा निवेशकों की ओर से अगले फेडरल रिजर्व की मीटिंग की उम्मीद में डॉलर में मजबूती दर्ज की गई है। इससे भी सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

9- हटाए जाएंगे 20 साल पुराने कमर्शियल वाहन, 1 अप्रैल 2020 से लागू होगी व्‍यवस्‍था

नई दिल्ली। बीस साल से ज्यादा पुराने वाणिज्यिक (कमर्शियल) वाहनों को अनिवार्य रूप से कबाड़ घोषित कर सड़कों से हटाने की लंबित नीति को प्रधानमंत्री कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक में सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है। यह व्यवस्था एक अप्रैल, 2020 से लागू हो जाएगी। कबाड़ करार दिए गए वाहनों को स्क्रैप सेंटरों में नष्ट किया जाएगा। सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी घोषणा की है कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए वाहनों को नष्ट करने की नीति को तकरीबन अंतिम रूप दिया जा चुका है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

10- हर्षवर्धन का दावा- हॉकिंग ने कहा था आइंस्टीन के e=mc2 से बेहतर वेद के सिद्धांत

इंफाल। विज्ञान और तकनीक मंत्री हर्षवर्धन ने दावा किया है कि दिवंगत महान वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग ने कहा था कि वेदों के सिद्धांत अल्बर्ट आइंस्टीन के प्रसिद्ध सापेक्षता के सिद्धांत ई=एमसी2 से बेहतर हैं। 105वें इंडियन साइंस कांग्रेस में शुक्रवार को हर्षवर्धन ने वैज्ञानिकों और विद्वानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रख्यात वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग ने कहा था कि आइंस्टीन के सिद्धांत से प्राचीन वेदों का सिद्धांत बेहतर था। हालांकि उन्‍होंने अपनी इस जानकारी के स्रोत को बताने से इंकार कर दिया।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.