यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Covaxin की मंजूरी को लेकर अगले माह फैसला, WHO की एक्सपर्ट पैनल 5 अक्टूबर को करेगी बैठक
अगले महीने कोवैक्सीन के आपातकाल इस्तेमाल केी मंजूरी मामले को लेकर कोरोना वैक्सीनेशन पर विशेषज्ञों का रणनीतिक सलाहकार समूह (Strategic ...और पढ़ें

नई दिल्ली, एएनआइ। अगले महीने की 5 तारीख को कोवैक्सीन के आपात इस्तेमाल की मंजूरी मामले को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization (WHO) की कोरोना वैक्सीनेशन पर विशेषज्ञों के रणनीतिक सलाहकार समूह (Strategic Advisory Group of Experts on Immunization, SAGE) की बैठक है। इसके बाद ही इस कोरोना वैक्सीन को लेकर अहम फैसले का ऐलान हो सकता है। बता दें कि पिछले माह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी WHO की मुख्य वैज्ञानिक डा सौम्या स्वामीनाथन से मुलाकात के दौरान कोवैक्सीन की मंजूरी पर चर्चा की।
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डा वीके पाल ने इसी सप्ताह WHO से भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल की सूची (EUL) में शामिल करने की मंजूरी जल्द ही मिलने की उम्मीद जताई थी। डा पाल ने कहा था कि डाटा साझा करने और डाटा मूल्यांकन करने का काम चल रहा है।
कोरोना पर गठित टास्क फोर्स के प्रमुख की भी जिम्मेदारी डा. पाल संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में WHO को वैज्ञानिक आधार पर फैसला लेने के लिए समय दिया जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि कोवैक्सीन लगवाने वालों के लिए दूसरे देशों की यात्रा में आ रही दिक्कतों को देखते हुए फैसला जल्द लिया जा सकता है।
भारत बायोटेक ने अपने तीसरे चरण के क्लिनिकल ट्रायल डेटा को सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड आर्गनाइजेशन (CDSCO) की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी (SEC) जमा किया था। इसमें उसने कोवैक्सीन को 77.8 फीसद प्रभावी बताया है। इससे पहले जून में, आपात इस्तेमाल की अनुमति के लिए एक प्री-सबमिशन मीटिंग भी आयोजित की गई थी, जिसमें अंतिम डोजियर जमा करने से पहले सलाह दी गई थी। टीके के लिए WHO के सहायक महानिदेशक मारियान सिमाओ ने भी कहा कि संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी का इस टीके का आकलन काफी उन्नत था और अधिकारियों को मध्य सितंबर तक किसी निर्णय की उम्मीद थी। WHO से अब तक मान्यता पाने वाली वैक्सीन हैं- फाइजर-बायोएनटेक, एस्ट्राजेनेका, जानसन एंड जानसन, माडर्ना और सिनोफार्मा।
