Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    छत्तीसगढ़: अयोध्या विवाद में श्रीराम का ननिहाल भी है गवाह, खुदाई में सामने आए थे यह तथ्य

    By Dhyanendra SinghEdited By:
    Updated: Wed, 16 Oct 2019 07:32 PM (IST)

    खुदाई में मिले शिलालेख मंदिर के अवशेष ही सुप्रीम कोर्ट में हिंदू पक्षकारों का सबसे बड़ा आधार है। यही प्रमाण कोर्ट के फैसले का आधार होंगे।

    छत्तीसगढ़: अयोध्या विवाद में श्रीराम का ननिहाल भी है गवाह, खुदाई में सामने आए थे यह तथ्य

    रायपुर, जेएनएन। अयोध्या में मंदिर था...। मंदिर के 84 पिलर थे। दीवारों में हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां गढ़ी गईं थीं। मंदिर में 700 साल पुराना शिलालेख मिला था, जो इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि मंदिर को तोड़कर ही मस्जिद का निर्माण करवाया गया था। यह कहना है छत्तीसगढ़ के पुरातत्ववेत्ता पद्मश्री अरुण शर्मा का। अरुण शर्मा उस टीम के सदस्य रह चुके हैं, जिन्होंने अयोध्या में मंदिर होने के पुख्ता प्रमाण दुनिया के सामने रखे। खुदाई में मिले शिलालेख, मंदिर के अवशेष ही सुप्रीम कोर्ट में हिंदू पक्षकारों का सबसे बड़ा आधार है। यही प्रमाण कोर्ट के फैसले का आधार होंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बुधवार को देश की सबसे बड़ी अदालत में सबसे बड़ी बहस चल रही थी। इस दौरान दैनिक जागरण के सहयोगी अखबार नईदुनिया ने महासमुंद में रह रहे पद्मश्री शर्मा से फोन पर बात की। उन्होंने हमें सिलसिलेवार तमाम जानकारियां दीं। बोले- मुझे 2003 में एक दिन विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल का टेलीफोन आया था। उन्होंने कहा कि मुझसे आकर मिलो। उनसे आरकेपुरम में मुलाकात हुई। बोले- वास्तव में अयोध्या में क्या है, अध्ययन करो। मैंने आर्केलॉजी सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) के साथ मिलकर छह माह तक खुदाई की। जो तथ्य सामने आए वे चौंकाने वाले थे। 2012 में मैंने लखनऊ हाईकोर्ट में कहा था 'अयोध्या में मस्जिद  होने का दावा किया जा रहा है, वह थी ही नहीं। कभी नमाज पढ़ी ही नहीं गई। अधूरे निर्माण की वजह से उसे ना-पाक कहा जाता था।"

    तीन स्तर में हुआ था मंदिर का निर्माण

    पद्मश्री शर्मा ने कहा कि मंदिर का निर्माण तीन स्तर पर हुआ। शुरुआत ईसा पूर्व तीसरी सदी में हुई। उसके बाद 1339 में, जबकि 1429 में बाबर भारत आया था। शर्मा कहते हैं कि बाबर कभी अयोध्या नहीं आया, उसका सेनापति आया था।

    ये हैं श्रीराम का अयोध्या होने के प्रमाण

    पहला प्रमाण- 750 साल पहले गहरवाल राजा ने राम मंदिर का निर्माण करवाया था। खोदाई में मिला शिलालेख सबसे बड़ा प्रमाण है। - इसलिए श्रीराम मंदिर था।

    दूसरा प्रमाण- मंदिर तोड़ा गया, लेकिन मस्जिद बनाने के लिए मंदिर की ही नींव को उपयोग में लाया गया था।- इसलिए यहां श्रीराम का अयोध्या था।

    तीसरा प्रमाण- मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाई गई, लेकिन मस्जिद के चार कोनों में चार मीनारें होना आवश्यक है, वह नहीं थी। बजू टैंक भी नहीं पाया गया।- इसलिए यह हिंदू आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है।

    चौथा प्रमाण- बाबर कभी अयोध्या नहीं आया, उसका सेनापति आया था। जिस मस्जिद की बात कही जा रही है, उसकी दीवारों पर मूर्तियां जड़ी हुई हैं। इसमें 84 पिलर पाए गए हैं। - इसलिए यह राम जन्मभूमि है।

    (जैसा 'जागरण' को पुरातत्ववेत्ता और खुदाई दल के सदस्य पद्मश्री अरुण शर्मा ने बताया।)

    छत्तीसगढ़ में राम का ननिहाल

    ऐसा दावा है कि चंदखुरी भगवान राम की मां कौशल्या का मायका है। देश में उनका एकमात्र मंदिर यहां है। इस लिहाज से छत्तीसगढ़ राम भगवान का ननिहाल हुआ। ग्रंथों में इस बात का भी उल्लेख है कि लव-कुश का जन्म सिरपुर (जिला महासमुंद) स्थित तुरतुरिया में हुआ। राम वन गमन मार्ग छत्तीसगढ़ से ही जाता है, दंडकारण्य भी छत्तीसगढ़ में ही है। अगर इन सभी तथ्यों को माना जाए तो छत्तीसगढ़ से भगवान श्रीराम का गहरा युग-युगांतर का नाता है।