विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सबसे ज्यादा आपने ही युवाओं का भविष्य बर्बाद किया', पेपर लीक को लेकर राहुल गांधी का सरकार पर पलटवार

Published: Thu, 23 Jul 2026 10:36 AM (IST)Updated: Thu, 23 Jul 2026 10:44 AM (IST)

पीएम मोदी के पेपर लीक मामलों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट के एलान के बाद राहुल गांधी ने सरकार पर पलटवार ...और पढ़ें

HighLights

  1. पीएम मोदी ने पेपर लीक पर फास्ट ट्रैक कोर्ट की घोषणा की

  2. राहुल गांधी ने सरकार पर युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया

  3. धर्मेंद्र प्रधान को हटाने और छात्रों से माफी की मांग की

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। छात्रों द्वारा नीट पेपर लीक को लेकर चल रहे धरना प्रदर्शन के बीच पीएम मोदी ने एलान किया है कि पेपर लीक मामलों की त्वरित सुनवाई और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होगी।

पीएम मोदी के इस एलान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने न सिर्फ हमारी एजुकेश्न सिस्टम पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, बल्कि उसे बढ़ावा भी दिया और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया।"

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि छात्रों की मांगें साफ हैं-

1. धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं।
2. छात्रों से माफी मांगे।
3. छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।

मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सरकार को घेरा

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी आरोप लगाया कि पीएम मोदी, आपकी देखरेख में शिक्षा व्यवस्था खराब हो गई है। हमें खोखली बातें या टुकड़ों में की गई घोषणाएं नहीं चाहिए। आपकी सरकार ने युवाओं पर लाठीचार्ज किया, पैलेट गन और शॉक बैटन का इस्तेमाल किया और बिना किसी डर के बेरहमी से बर्बरता की, मानो वे हमारे अपने बच्चे ही न हों।

अपने एयर-कंडीशंड महलों से बाहर आइए और उन युवा पुरुषों और महिलाओं की आंखों में देखिए जो आपकी तानाशाही के खिलाफ लड़ते हुए सड़कों पर लहूलुहान हुए।

उन्होंने आगे लिखा, युवा सिर्फ 3 आसान मांगें पूरी करवाना चाहते हैं-
1. शिक्षा मंत्री प्रधान को तुरंत बर्खास्त करें
2. दंडात्मक कार्रवाई और अत्याचारों के लिए माफ़ी मांगें
3. जिन्हें आपने निशाना बनाया, उन्हें न्याय दिलाएँ

कोई प्राइवेट नौकरी नहीं है

खरगे ने आगे कहा कि RSS ने शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा कर लिया है। युवाओं में बेरोजगारी 29% (PLFS) तक पहुंच गई है। कोई प्राइवेट नौकरी नहीं है, और पक्की सरकारी नौकरियां भी बहुत कम हैं। कॉन्ट्रैक्ट पर नौकरी देने का चलन चरम पर है। सारे रास्ते बंद हैं। युवा अपने भविष्य की मांग करने कहां जाएं?

देश के युवाओं का हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

बता दें कि पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, " देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। राज्य/सरकार द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट्स (Fast-track Courts) का गठन किया जाएगा।"

गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र नीट पेपर लीक मामले को लेकर धरना प्रदर्शन दे रहे हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्रों के साथ विपक्षी दल भी इस प्रदर्शन में शामिल हैं।

इस बीच पीएम मोदी ने दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है, तो वहीं इस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि आपने ही हमारे युवाओं का भविष्य सबसे ज्यादा बर्बाद किया है।

यह भी पढ़ें- 'पेपर लीक के सभी मामलों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई', NEET विवाद के बीच पीएम मोदी का एलान

यह भी पढ़ें- CJP Protest LIVE: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी, सुरक्षा व्यवस्था सख्त, दीपके का दावा- इंटरनेट बंद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।