Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमृतसरी कुल्चा, टिक्का, शाही पनीर; पंजाब के स्वाद की दुनिया दीवानी, टॉप 100 में मिला सातवां स्थान

    पंजाब के स्वाद की दीवानगी भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है। दुनिया के सबसे स्वादिष्ट खाने वाली जगहों की रैंकिंग में भी यह बात मानी गई है। पंजाब ने इस लिस्ट में टॉप 100 में ही नहीं बल्कि टॉप 10 में भी जगह बनाई है। वहीं टॉप 100 में कई और राज्यों ने अपना नाम दर्ज कराया है। पढ़ें किन-किन भारतीय व्यंजनों की की गई है प्रशंसा।

    By Jagran News Edited By: Sachin Pandey Updated: Sat, 14 Dec 2024 09:43 PM (IST)
    Hero Image
    दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ खाद्य क्षेत्रों में पंजाब को सातवां स्थान मिला है। (File Image)

    जेएनएन, नई दिल्ली। खाते-पीते भारत के कई इलाकों ने अपने स्वाद के लिए दुनिया के शीर्ष सौ क्षेत्रों में अपनी जगह बनाई है। भोजन और यात्रा से संबंधित प्रसिद्ध गाइड, टेस्ट एटलस ने हाल ही में इयर एंड रैंकिंग जारी की है। भारत के लिए गर्व की बात है कि टेस्ट एटलस अवा‌र्ड्स 2024-25 के हिस्से के रूप में 'दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ खाद्य क्षेत्रों' में पंजाब ने न केवल सूची में जगह बनाई, बल्कि शीर्ष 10 में भी स्थान बनाया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पहले तीन स्थानों पर कैंपेनिया (इटली) का कब्जा रहा। इसके बाद पेलोपोनिस (ग्रीस), एमिलिया-रोमाग्ना (इटली), सिचुआन (चीन) और साइक्लेडेस (ग्रीस) का नंबर रहा। पंजाब सातवें स्थान पर रहा। टेस्ट एटलस ने पंजाब के जिन व्यंजनों का स्वाद अवश्य चखने की सिफारिश की है, उनमें अमृतसरी कुल्चा, टिक्का, शाही पनीर, तंदूरी मुर्ग और साग पनीर हैं।

    41वें स्थान पर महाराष्ट्र

    सूची में महाराष्ट्र 41वें स्थान पर रहा। महाराष्ट्र के पसंदीदा व्यंजन, जैसे मिसल पाव, आमरस, श्रीखंड और पाव भाजी शामिल हैं। बंगाल को 54वां स्थान मिला और चिंगरी मलाई करी, शोरशे इलिश, रस मलाई और काठी रोल जैसे लोकप्रिय व्यंजनों का उल्लेख किया गया। 59वें स्थान पर 'दक्षिणी भारत' (एकल प्रविष्टि के रूप में) रहा। इस बड़े खाद्य क्षेत्र की विविधता को दर्शाने के लिए मसाला डोसा, मद्रास करी, हैदराबादी बिरयानी को शामिल किया गया है।

    बेहतरीन 50 व्यंजनों की सूची में दो भारतीय

    भारतीयों के लजीज व्यंजन पूरी दुनिया को पसंद आ रहे हैं। टेस्ट एटलस ने 'दुनिया के 100 बेहतरीन व्यंजनों की सूची भी साझा की है। इस सूची में चार भारतीय व्यंजनों ने जगह बनाई है। इनमें से दो शीर्ष 50 में शामिल हैं। कोलंबियाई व्यंजन लेचोना, जिसमें प्याज, मटर, चावल, और मसालों से भरा हुआ भुना हुआ पोर्क होता है, ने पहली रैंक हासिल की। इटली के पिज्जा नेपोलेटाना (पिज्जा) को दूसरा और ब्राजील के पिकान्हा (बीफ) को तीसरा स्थान मिला है।

    मुर्ग मखनी और बटर चिकन की दुनिया मुरीद

    भारत के मुर्ग मखनी या बटर चिकन का दुनिया मुरीद है। भुने हुए मांस, मसालों, क्रीम, टमाटर और मक्खन से बनने वाला बटर चिकन को टेस्ट एटलस ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ व्यंजनों में 29 वें स्थान पर है। बासमती चावल, मटन या चिकन, नींबू, दही, प्याज और केसर से बनने वाले भारतीय व्यंजन हैदराबादी बिरयानी 31वें स्थान पर रहा। चिकन को 65 वें स्थान मिला है। सूची में जगह बनाने वाला एक और भारतीय व्यंजन कीमा है, जो 100वें स्थान पर है। कीमा को मांस, हरी मटर, आलू, अदरक, मिर्च, प्याज, घी, लहसुन और गरम मसाला से बनाया जाता है।