पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये नशा तस्करी बनी चुनौती, पंजाब के चार जिले बने हॉटस्पॉट
पंजाब में नशे की समस्या गंभीर है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अनुसार 2024 में पंजाब में 1150 किलो हेरोइन जब्त हुई जो देश भर में बरामद हेरोइन का 45% है। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये नशा तस्करी बढ़ रही है खासकर अमृतसर तरनतारन फिरोजपुर और गुरदासपुर में। पंजाब में 2.9 करोड़ नशे की गोलियां भी पकड़ी गईं। पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी भी हो रही है।

रोहित कुमार, जागरण। नशे की समस्या से जूझ रहे पंजाब में स्थिति गंभीर होती जा रही है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 में पंजाब में 1,150 किलो हेरोइन जब्त की गई। यह देशभर में बरामद कुल 2,596 किलो हेरोइन का लगभग 45 प्रतिशत है।
चिंता की बात यह है कि दिल्ली 234 किलो की बरामदगी के साथ दूसरे और असम 186 किलो के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके अतिरिक्त मिजोरम में 134 किलो, राजस्थान में 118 किलो, बंगाल में 116 किलो और जम्मू-कश्मीर 114 किलो हेरोइन बरामद की गई। अन्य राज्यों में बरामदगी तीन अंकों तक नहीं पहुंची।
पाकिस्तान में ड्रोन के जरिये पंजाब में नशे की तस्करी
एनसीबी की रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये पंजाब में हो रही नशा तस्करी एक बड़ी चुनौती है। यह देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। चार सीमावर्ती जिलों अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और गुरदासपुर ड्रोन से नशे की खेप गिराने के लिए हाटस्पाट हैं। 2021 में जहां सिर्फ तीन मामले दर्ज हुए थे, वहीं 2024 में यह बढ़कर 179 हो गए। इनमें सबसे अधिक 163 मामले पंजाब के रहे।
पंजाब में 2.9 करोड़ नशे की गोलियां पकड़ीं
पंजाब में ड्रोन से गिराई गई 187 किलो हेरोइन, 4.2 किलो अफीम और 5.4 किलो मेथएम्फेटामाइन (सिंथेटिक ड्रग) पकड़ी गई। इसके अलावा पंजाब में वर्ष 2024 में 2.9 करोड़ नशे की गोलियां भी पकड़ीं। यह देशभर में बरामद 4.8 करोड़ गोलियों का लगभग 61 प्रतिशत है। उत्तर प्रदेश 51 लाख गोलियों के साथ दूसरे और असम 36 लाख गोलियों की बरामदगी के साथ तीसरे स्थान पर रहा। दिल्ली में 28 लाख तथा त्रिपुरा में 18.9 लाख नशे की गोलियां पकड़ी गईं। रिपोर्ट के अनुसार, फार्मा उद्योग से होने वाले नशे का दुरुपयोग उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत में गंभीर समस्या है।
एक दिन में भेजी गई 33 किलो हेरोइन
17 सितंबर को अमृतसर में पुलिस में मोगा निवासी जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा की ओर से संचालित एक गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने उसके साथी यासीन मोहम्मद को गिरफ्तार कर 7.1 किलो हेरोइन बरामद की। जग्गा पाकिस्तान के तस्करों के संपर्क में था और ड्रोन से नशा मंगवाता था। इसी दिन बीएसएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने 25.9 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल व दो मैगजीन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया था।
एनसीबी की रिपोर्ट के अनुसार 2024 में भारत में 660 विदेशी नशा तस्कर पकड़े गए। इनमें सबसे अधिक नेपाल के 203 और नाइजीरिया के 106 नागरिक थे।
बाढ़ की आड़ में हथियार भी भेजे
पाकिस्तान से नशे के साथ ही हथियारों की तस्करी भी हो रही है। फाजिल्का में बाढ़ की आड़ में पाकिस्तान से दो बार हथियारों की बड़ी खेप भेजी गई। 11 सितंबर को 27 पिस्तौल, 54 मैगजीन व 470 कारतूस बरामद हुए थे। दूसरी खेप में 16 पिस्तौल, 38 मैगजीन व 1,847 कारतूस मिले थे। 12 सितंबर को अमृतसर में छह पिस्तौल, एक किलो हेरोइन व छह लाख रुपये की ड्रग मनी पकड़ी गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।