Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    President Dinner: शनिवार को राष्ट्रपति मुर्मू का डिनर समारोह, पूर्व PM से लेकर ये मुख्यमंत्री नहीं होंगे शामिल

    By Jagran NewsEdited By: Abhinav Atrey
    Updated: Fri, 08 Sep 2023 04:08 PM (IST)

    President Dinner 2023 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जी20 के उपलक्ष्य में वैश्विक नेताओं के लिए शनिवार (9 सितंबर) को डिनर का आयोजन किया है। इसमें देश के बड़े नेताओं को भी बुलाया गया है। इस रात्रिभोज में देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एच डी देवगौड़ा स्वास्थ्य कारणों से शामिल नहीं हो सकेंगे। देवेगौड़ा ने एक्स पर कहा मैं जी20 सम्मेलन की शानदार सफलता की कामना करता हूं।

    Hero Image
    9 सितंबर को राष्ट्रपति मुर्मू का वैश्विक नेताओं के लिए डिनर (फोटो, एक्स)

    नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जी20 के उपलक्ष्य में वैश्विक नेताओं के लिए शनिवार (9 सितंबर) को डिनर का आयोजन किया है। इसमें देश के बड़े नेताओं को भी बुलाया गया है। इस रात्रिभोज में देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एच डी देवगौड़ा "स्वास्थ्य कारणों" से शामिल नहीं हो सकेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सूत्रों ने कहा कि इस डिनर में पूर्व प्रधानमंत्रियों और विपक्ष शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित अन्य को आमंत्रित किया गया है। मनमोहन सिंह और देवेगौड़ा दोनों ने डिनर में शामिल होने में असमर्थता के बारे में केंद्र सरकार को बता दिया है। देवेगौड़ा ने एक्स पर कहा, "मैं जी20 शिखर सम्मेलन की शानदार सफलता की कामना करता हूं।"

    सीएम ममता बनर्जी डिनर कार्यक्रम में शामिल होंगी

    टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस कार्यक्रम में शामिल होंगी, उन्होंने इसकी पुष्टि कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी जी20 के डिनर में शामिल होने की संभावना है।

    सुखविंदर सिंह सुक्खू भी राष्ट्रपति के डिनर में शामिल होंगे

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी राष्ट्रपति के डिनर में शामिल होने के लिए 9 सितंबर को दिल्ली पहुंचेगे। सीएम सुख्खू के करीबी सहयोगियों ने इसकी पुष्टि की है। ऐसी भी खबरें हैं कि इस रात्रिभोज में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हो सकते हैं।

    मल्लिकार्जुन खरगे को डिनर में बुलावा नहीं

    इस बीच, कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को राष्ट्रपति के डिनर में आमंत्रित नहीं किया गया है। खरगे केंद्रीय मंत्री रैंक के बराबर हैं और एक संवैधानिक पद रखते हैं। जी20 डिनर में खरगे को आमंत्रित नहीं किए जाने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "उन्होंने विपक्ष के नेता को आमंत्रित नहीं करने का फैसला किया है, यह आपको कुछ बताता है।"

    सरकार 60 प्रतिशत आबादी के नेता को महत्व नहीं देती- राहुल

    इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने ब्रुसेल्स में संवाददाताओं से कहा, "यह आपको बताता है कि वे भारत की 60 प्रतिशत आबादी के नेता को महत्व नहीं देते हैं और यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में लोगों को सोचना चाहिए। उन्हें ऐसा करने की जरूरत क्यों महसूस होती है और इसके पीछे किस प्रकार की सोच है?"

    हालांकि, अभी तक कांग्रेस शासित राज्यों कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों के डिनर में मौजूद रहने की पुष्टि नहीं हुई है। राष्ट्रपति मुर्मू शनिवार को विश्व नेताओं के जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम में डिनर की मेजबानी करेंगी।