'राष्ट्रपति मुर्मु ने स्वतंत्रता के बलिदानों की याद दिलाई', पीएम मोदी आज लाल किले पर फहराएंगे तिरंगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का विचारशील संबोधन राष्ट्र की सामूहिक प्रगति और भविष्य में मौजूद अवसरों को उजागर करता है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा उन्होंने नागरिकों को उन बलिदानों की याद दिलाई जिन्होंने देश की स्वतंत्रता को वास्तविकता बनाया।

पीटीआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का विचारशील संबोधन राष्ट्र की सामूहिक प्रगति और भविष्य में मौजूद अवसरों को उजागर करता है।
पीएम मोदी ने कही ये बात
पीएम मोदी ने गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ''उन्होंने नागरिकों को उन बलिदानों की याद दिलाई, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता को वास्तविकता बनाया।''
उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुर्मु ने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कश्मीर में पहलगाम आतंकवादी हमले के प्रति राष्ट्र की निर्णायक प्रतिक्रिया की प्रशंसा की और रक्षा क्षेत्र में देश की बढ़ती आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। उन्होंने सतत अच्छे शासन और ''भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता'' के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
आज पीएम मोदी लाल किले पर फहराएंगे तिरंगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को 12 वीं बार स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के तौर पर नरेन्द्र मोदी लाल किले पर झंडा फहराने के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ेंगे।
लाल किले से लगातार राष्ट्र को संबोधित करने के मामले में जवाहरलाल नेहरू के बाद दूसरे स्थान पर होंगे। इंदिरा ने 11 बार लगातार लाल किले पर तिरंगा फहराया था। इंदिरा गांधी ने जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक लगातार प्रधानमंत्री रहीं। हालांकि इंदिरा जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 तक भी प्रधानमंत्री पद पर कार्य किया।
प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय सुरक्षा पर बोलेंगे
कुल मिलाकर, उन्होंने 15 अगस्त को प्रधानमंत्री के रूप में 16 बार तिरंगा फहराया। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक विकास के मॉडल के प्रति भारत के अडिग रुख को रेखांकित करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।