विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मोदी कैबिनेट से पीएम धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी, जानिए कैसे मिलेगा करोड़ों किसानों को फायदा

Published: Wed, 16 Jul 2025 02:57 PM (IST)Updated: Wed, 16 Jul 2025 03:25 PM (IST)

PM Dhan Dhanya Krishi Yojana पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए ...और पढ़ें

इन योजनाओं से 1.7 करोड़ किसानों को फायदा पहुंचेगा।
इन योजनाओं से 1.7 करोड़ किसानों को फायदा पहुंचेगा।

HighLights

  1. 36 योजनाओं को मिलाकर पीएम धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी दी गई।
  2. 1.7 करोड़ किसानों को फायदा पहुंचेगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसान अपनी 20 वीं किस्त का इंतजार कर ही रहे थे कि केंद्रीय कैबिनेट ने 24,000 करोड़ रुपये प्रति वर्ष के परिव्यय के साथ 36 योजनाओं को मिलाकर पीएम धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी दे दी। इन योजनाओं से 1.7 करोड़ किसानों को फायदा पहुंचेगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी घोषणा की है।

छह साल के लिए मंजूरी,100 कृषि जिले किए जाएंगे विकसित

कैबिनेट ने बुधवार को छह साल की अवधि के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को मंजूरी दे दी। यह योजना 24,000 करोड़ रुपये के वार्षिक परिव्यय के साथ 100 जिलों को कवर करेगी।

इसके तहत 100 कृषि जिले विकसित किए जाएंगे। केंद्रीय बजट में घोषित यह कार्यक्रम 36 मौजूदा योजनाओं को एकीकृत करेगा और फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने को बढ़ावा देगा।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में लिए गए निर्णय की जानकारी साझा करते हुए, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना फसल कटाई के बाद भंडारण क्षमता बढ़ाएगी, सिंचाई सुविधाओं में सुधार करेगी और कृषि उत्पादकता को बढ़ाएगी। इस कार्यक्रम से 1.7 करोड़ किसानों को मदद मिलने की संभावना है।

क्या है पीएम धन-धान्य कृषि योजना?

केंद्रीय बजट 2025-26 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ‘पीएम धन-धान्य कृषि योजना’ की घोषणा की थी, जिसे अब कैबिनेट की मंजूरी मिली है। इसके तहत कृषि जिलों का विकास किया जाएगा। यह योजना निम्न उत्पादकता, फसलों की कम बुआई वाले और औसत से कम ऋण उपलब्धता वाले 100 जिलों को टारगेट करेगी।

यह योजना भारतीय कृषि को आधुनिक बनाने के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण के साथ चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। योजना के तहत फसल विवधीकरण, टिकाऊ और जलवायु-लचीली खेती पर फोकस रहेगा। इसके अलावा फसल के बाद भंडारण क्षमता को बढ़ाना और टेक्नोलॉजी में सुधार लाने पर भी जोर रहेगा।

किसानों के लिए कैसे फायदेमंद है PM Dhan Dhanya Krishi Yojana?

पीएम धन-धान्य कृषि योजना का मकसद कृषि क्षेत्र में कम रोजगार का समाधान, कौशल उन्‍नयन, निवेश और प्रौद्योगिकी के माध्‍यम से ग्रामीण अर्थव्‍यवस्‍था के विकास हेतु ग्रामीण सम्‍पन्‍नता और स्थिति अनुकूलन निर्माण करना है। वहीं दालों में आत्‍मनिर्भरता के लिए छह वर्षीय 'दलहनों में आत्‍मनिर्भरता मिशन', जलवायु अनुकूल बीज विकसित करने पर जोर, उपज भंडारण में सुधार, किसानों को समुचित मूल्‍य सुनिश्चित करने का लक्ष्‍य है।

इसके अलावा केंद्रीय बजट में सब्जियों और फलों का उत्‍पादन बढ़ाने, सक्षम आपूर्ति सुनिश्चित करने, प्रसंस्‍करण और किसानों को समुचित मूल्‍य सुनिश्चित करने की योजना है इसके साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ग्रामीण ऋण स्‍कोर विकसित किया जाएगा।

शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से वापसी पर कैबिनेट ने पास किया प्रस्ताव

कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "आज केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आईएसएस (अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन) से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की वापसी पर एक प्रस्ताव पारित किया है। यह पूरे देश के लिए गौरव, गौरव और खुशी का अवसर है। आज मंत्रिमंडल देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को पृथ्वी पर उनकी सफल वापसी पर बधाई देता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिनों का ऐतिहासिक मिशन पूरा किया है।"

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "यह भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक नया अध्याय है। यह हमारे अंतरिक्ष कार्यक्रम के भविष्य की एक सुनहरी झलक देता है। मंत्रिमंडल इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की पूरी टीम को बधाई देता है।"

यह भी पढ़ें: अंतरिक्ष से समुद्र में उतरे शुभांशु शुक्ला, जानिए 41 साल पहले राकेश शर्मा की जमीन पर क्यों हुई थी लैंडिंग